घोसी। नगर के बड़ागांव राजभर बस्ती में बिजली आपूर्ति में तकनीकी खामियों के चलते हाईवोल्टेज करंट दौड़ने से कई घरों के उपकरण जलकर नष्ट हो गए। वहीं सूचना पर भी बिजली विभाग के अधिकारी मौन साधे हैं।
विद्युत उपकेंद्र घोसी द्वारा नगर के बड़ागांव राजभर बस्ती सहित अन्य क्षेत्रों में की जाने वाली आपूर्ति में तकनीकी खराबियों के चलते गुरुवार की देर शाम से बिजली तेज प्रवाहित होने लगी। जिसके चलते उपभोक्ताओं के मोबाइल चार्जर ,इमरजेंसी लाइट , एलईडी बल्ब ,मोटर , ई रिक्शा के चार्जर ,टीवी , इनवर्टर चार्जर , इंडेक्सन चूल्हा आदि जलकर नष्ट हो गये। जिससे बिजली उपभोक्ता परेशान होने के साथ ही सहमे नजर आए। इस संबंध अधिवक्ता पीएन सिंह एडवोकेट एवं हरिश्चंद्र राजभर ने कहाकि बिजली विभाग के कर्मचारियों को चाहिए कि वे समय समय पर जांच कर ऐसी खराबियों ठीक करे। मोतीचंद एवं राजेश कुमार ने कहाकि बिजली विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही से उपभोक्ताओं का लाखों की क्षति हुई है । इस सम्बंध में बिजली विभाग के अवर अभियंता पृथ्वीनाथ का कहना है कि जांच की जा रही है, जल्द खामियों को ठीक किया जाएगा। उपभोक्ताओं को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।