करहां। चिरैयाकोट विद्युत उपकेंद्र से संबंधित नेवादा गांव में बृहस्पतिवार की दोपहर से ही बिजली आपूर्ति बाधित है। हाइटेंशन तार टूटने से 100 घरों की आपूर्ति बंद हो गई है। उपभोक्ताओं की शिकायत के बाद भी तार नहीं जोड़ा गया। सबमर्सिबल नहीं चलने से गांव में पेयजल की किल्लत हो गई है। हैंडपंप भी साथ नहीं दे रहे हैं।
ग्राम प्रधान इंद्रराज यादव, गंगा यादव, अरविंद यादव, राजेश यादव, डा. अखिलेश यादव, श्रीकिशुन आदि ने बताया कि बृहस्पतिवार की दोपहर 300 मीटर हाइटेंशन तार टूटकर गिर गया। शुक्रवार की सुबह पानी की किल्लत हो गई। इंडिया हैंडपंप का सहारा लेना पड़ा, लेकिन वो भी ठीक से पानी नहीं दे रहे हैं।
बताया कि शिकायत के बाद भी बिजली निगम का कोई कर्मचारी गांव में नहीं पहुंचे। इस संबंध में चिरैयाकोट विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता अर्जुन कुशवाहा ने बताया कि तार टूटने की सूचना नहीं मिली थी। शनिवार को लाइनमैनों को भेजकर तार जोड़वाया जाएगा।