जिला अस्पताल में किशोरी को कोविड की वैक्सिन लगातीं स्वास्थकर्मी।संवाद
- फोटो : MAU
मऊ। जिले में 12 से 14 वर्ष आयु के किशोरों का टीकाकरण को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली। इसके तहत शिक्षा विभाग और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को स्कूलों में टीकाकरण का ग्राफ बढ़ाने के लिए नए सिरे से माइक्रोप्लान बनाने का निर्देश दिया है। जिससे टीकाकरण का ग्राफ बढ़ सकें। वर्तमान में 24 हजार किशोरों का टीकाकरण हो चुका है। जिला प्रतीरक्षण अधिकारी डॉ. बीके यादव ने बताया कि जिलेे में 12 से 14 वर्ष आयु के 93 हजार किशोरों का टीकाकरण की कवायद जारी है। बताया कि बीते तीन दिनों से मिशन इंद्रधनुष के तहत आयोजित कार्यक्रम में लगी 300 टीमों द्वारा भी टीकाकरण किया जा रहा है। इससे टीकाकरण का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। बताया कि शनिवार को दो हजार किशोरों का टीकाकरण किया गया। वहीं बीते शुक्रवार को तीन हजार 194 किशोरों का टीकाकरण किया गया था। अब तक 24 हजार 125 किशोरों का टीकाकरण किया जा चुका है। बताया कि टीकाकरण का ग्राफ बढ़े इसके लिए प्रशासन द्वारा नए सिरे से टीकाकरण को लेकर माइक्रोप्लान शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर तैयार करने को कहा गया है। जिससे टीकाकरण का ग्राफ बढ़ सकें। बताया कि नया माइक्रोप्लान सोमवार को तैयार किया जाएगा। फिलहाल टीकाकरण का ग्राफ बढ़ाने के लिए जिला अस्पताल, महिला जिला अस्पताल के अलावा दस सीएचसी 44 पीएचसी के अलावा मिशन इंद्रधनुष के लिए लगी 300 टीमों द्वारा अलग अलग बूथों पर टीकाकरण किया जा रहा है। इसका सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहा है, बीते दो दिनों में ही पांच हजार से ज्यादा किशोरों का टीकाकरण किया जा चुका है।