ओमप्रकाश राजभर को बर्खास्त किए जाने के बाद भाजपा कार्यालय पर मिठाई खिलाकर खुशियां मनाते राजभर समाज के कार्यकर्ता और नेता।
- फोटो : mau
भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक सोमवार को पार्टी कार्यालय पर हुई। इसमें मुख्यमंत्री द्वारा सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे ओमप्रकाश राजभर को मंत्री पद से बर्खास्त किए जाने पर भाजपा के राजभर समाज से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओ ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।
भाजपा पिछड़ा मोर्चा के जिलाध्यक्ष रामप्रवेश राजभर ने ओमप्रकाश पर हुई कार्रवाई पर कहा कि इससे राजभर समाज में खुशी है। बोले, ओमप्रकाश ने महाराजा सुहेलदेव के नाम पर सिर्फ समाज के वोटों का सौदा किया और अपने परिवार के हित में लगे रहे। जिला महामंत्री विजय राजभर ने कार्रवाई को जायज ठहराया। दावा किया कि राजभर समाज का हित सिर्फ भाजपा में ही सुरक्षित है।
जिला मंत्री मुन्ना राजभर ने कहा कि भाजपा ने जितना पिछड़ों के उत्थान का कार्य किया है उतना और किसी ने नही किया। पूरे उत्तर प्रदेश में बड़ी पार्टियों में सिर्फ भाजपा ने ही राजभर समाज को लोकसभा में टिकट दिया। इस अवसर पर सुग्गन राजभर, अखिलेश राजभर, मोती राजभर, राजेश भारद्वाज, अक्षय राजभर आदि शामिल रहे।