नगर क्षेत्र के सोनीधापा इंटर कालेज हैंडलूम एक्सपो विभिन्न जगहों की संस्कृति समेटे उत्पादों से सज गया। एक्सपो का शुक्रवार को जिलाधिकारी चंद्रकांत पांडेय ने फीता काटकर शुभारंभ किया।
प्रदर्शनी 9 से लेकर 23 जनवरी तक चलेगी। जम्मू कश्मीर के स्टाल पर लोगों की काफी भीड़ देखी गई। 15 दिनों तक चलने वाले स्पेशल हैंडलूम प्रदर्शनी के शुभारंभ के बाद जिलाधिकारी चंद्रकांत पांडेय ने विभिन्न स्टालों का निरीक्षण किया।
इसमें मेरठ, इटावा, मुरादाबाद, झांसी, कश्मीर, कानपुर, आजमगढ़, मऊ आदि स्थानों के बुनकरों द्वारा बनाए गए उत्पादों के लगाए गए स्टालों को देखा। डीएम ने सभी दुकानदारों को प्रदर्शनी में शामिल होने के लिए बधाई भी दी।
कार्यक्रम को संबोेधित करते हुए जिलाधिकारी चंद्रकांत पांडेय ने कहा कि बड़े ही हर्ष की बात है कि मऊ में ऐसी प्रदर्शनी का आयोजन हुआ। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन से जहां उपभोक्ताओं को सस्ते दामों पर अच्छी चीजें मिल जाती हैं।
वहीं दुकानदारों को भी एक अच्छा बाजार मिलता है। प्रदर्शनी के दौरान मुख्य रुप से जिला सूचनाधिकारी जितेंद्र सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।