फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mau News: तालों में आने वाले मेहमान पक्षियों का हो रहा शिकार

विज्ञापन
फतेहपुर ताल नरजा में ​शिकार की हुई साइबेरियन प​क्षी
विज्ञापन
मऊ। अक्तूबर के अंतिम सप्ताह से ही जिले के चार प्रमुख तालों में मेहमान पक्षियों के कलरव गूंजने लगे हैं। लेकिन आगमन के साथ ही शिकारी बंदूकों से इनका स्वागत कर रहे हैं। शिकारी पक्षियों को पकड़कर एक हजार से 1500 रुपये जोड़ा तक बेच रहे हैं। लेकिन जिम्मेदार वन विभाग और पुलिस प्रशासन के लोग शिकारियों पर कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
विज्ञापन

ठंड शुरू होते ही फतहपुर ताल नरजा, फतहपुर ताल रतोय, गाढ़ा ताल और पकड़ी ताल में साइबेरियन पक्षियों का जमावड़ा शुरू हो गया है। ये भोजन की तलाश में फरवरी तक प्रवास करते हैं और गर्मी शुरू होते ही लौट जाते हैं। शिकारी इन मेहमान पक्षियों का बंदूक से, जाल लगाकर और जहर मिश्रित चारे खिलाकर शिकार कर रहे हैं। शिकारी छर्रा और कारतूस महंगा होने के कारण टोपीदार बंदूक का इस्तेमाल कर रहे हैं। शिकारी 1000 से 1500 रुपये जोड़ा इन पक्षियों को बेच रहे हैं।
कोपागंज थानाक्षेत्र के फतहपुर नरजा, कोड़रा, नोकहट, कुर्थीजाफरपुर, कोपागंज नगर पंचायत, घोसी कोतवाली में पकड़ी बुजुर्ग गांव में मल्लाह और आसपास के विशेष समुदाय के लोग इस अपराध में लिप्त हैं। रामपुर थाना क्षेत्र के फतहपुर, ककराडीह, उतराई, इमामबाड़ा, देवसीपुर, पटियवा, मधुबन थाना के कटघराशंकर और हलधरपुर थाना क्षेत्र के गाढ़ा, रतनपुरा, बलिया और गाजीपुर जनपद के सीमावर्ती गांवों में पक्षियों की बिक्री होती है।
विज्ञापन

वन विभाग और पुलिस प्रशासन के अधिकारी इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पक्षियों के शिकार की जानकारी दोनों विभागों को है। ग्रामीणों ने नाम नहीं लिखने की शर्त पर बताया कि शिकारी एक दिन पहले ही सौदा कर लेते हैं और रात में शिकार करके अलसुबह उस व्यक्ति को बुलाकर पक्षी सौंप देते हैं।

दो आरोपी किए गए थे गिरफ्तार
नवंबर 2023 में अमर उजाला की ओररेस प्रवासी पक्षियों के शिकार पर खबर प्रकाशित होने पर तत्कालीन एसपी अविनाश पांडेय ने तीन टीमें बनाकर अभियान चलाया था। रामपुर थाने की पुलिस टीम ने 21 नवंबर 2023 को छह घायल प्रवासी पक्षियों को बरामद कर वन विभाग को सौंपा था। इस मामले में आरोपी खिरीकोटा निवासी बेचन राजभर और सोनू साहनी को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज किया था।
पक्षियों को बरामद को एक को पकड़ा गया था
22 नवंबर 2023 को कोपागंज थाना की टीम ने फतहपुर ताल नरजा बंधा के पास से कोपागंज नगर पंचायत के जुम्मनपुरा नयापुरा निवासी आफताब आलम को बंदूक के साथ गिरफ्तार किया था। जबकि एक आरोपी भाग गया था। हालांकि उसके झोले में दो जिंदा और एक मृत साइबेरियन पक्षी, एयरगन, 47 छर्रा और बाइक बरामद हुई थी। आरोपी के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के अंतर्गत केस दर्ज कर न्यायालय भेजा गया था।
पक्षी प्रेमी बोले- विदेशी मेहमानों के संरक्षण की जरूरत

पक्षियों को संरक्षित करने वाले श्रुति सेवा सदन चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष अभितेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष श्रुति सिंह, पक्षी प्रेमी रितेश चौरसिया और अभिषेक यादव ने जिले में आने वाले विदेशी पक्षियों के संरक्षण की मांग की। उन्होंने कहा कि सर्दियों के मौसम में साइबेरियन पक्षी तालों को खूबसूरत बनाते हैं और पर्यावरण को सुरक्षित करते हैं। केवल स्वाद के लिए खूबसूरत पक्षियों को आहार बनाना गलत है। वन विभाग की टीम को इसकी रोकथाम के लिए कदम उठाने चाहिए और लोगों को जागरूक करना चाहिए।
प्रवासी पक्षियों के शिकार की निगरानी के लिए गर्मी और सर्दी दोनों मौसम में टीमें लगाई जाती हैं। शीत ऋतु के लिए सात सदस्यीय दो टीमें गठित की गई हैं। इन टीम के सदस्य तालों के आसपास सुबह छह से नौ बजे और शाम चार से छह बजे तक निगरानी के लिए गश्त पर निकल जाते हैं।
विज्ञापन




- पीके पांडेय, जिला वन अधिकारी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें