मुहम्मदाबाद गोहना। स्थानीय कस्बा के पब्लिक बालिका इंटर कॉलेज में चल रहे 10 दिवसीय एनसीसी कैंप का रविवार को वाराणसी से आए ग्रुप कमांडर विकास कुमार पंजियार ने निरीक्षण किया। इस दौरान कैडेट्स ने ग्रुप कमांडर को मार्च पास्ट कर सलामी दी। इसके बाद परेड ग्राउंड में अनुशासित ड्रिल का प्रदर्शन किया। प्रशिक्षकों ने उन्हें कैंप की गतिविधियों से अवगत कराया गया।
इस मौके पर विकास कुमार पंजियार ने कहा कि एनसीसी का उद्देश्य सिर्फ ड्रिल करना नहीं, बल्कि देशभक्ति, अनुशासन और कर्तव्य बोध की भावना जगाना है। उन्होंने कैडेट्स को कठिन परिश्रम, समय की पाबंदी और समाज सेवा के लिए प्रेरित किया। साथ ही मोटिवेशन सेशन में जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने का मंत्र भी दिया। उन्होंने कहा कि बालिका कैडेट्स का जोश और अनुशासन काबिले तारीफ है। कहा कि बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और एनसीसी उन्हें आत्मनिर्भर और मजबूत बना रहा है। कैडेट्स ने ग्रुप कमांडर के मार्गदर्शन से उत्साहित होकर कैंप को और बेहतर बनाने का संकल्प लिया। माैके पर कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. शाजिया रहमान, अमिताभ मुखर्जी, सुदामा चौहान, राना बानो, मनोज कुमार आदि उपस्थित रहे।