मऊ। जिले में बीते तीन दिनों से संक्रमण का ग्राफ कम होता दिख रहा था। लेकिन बुधवार को एक बार फिर ग्राफ में बढ़ोत्तरी होती दिखी।1748 जांच रिपोर्ट में 54 नए संक्रमित मरीज मिले। सकारात्मक बात है कि 56 मरीजों ने संक्रमण को मात देकर अपने घर लौटे।
प्रभारी सीएमओ तथा जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. एसपी अग्रवाल ने बताया कि बुधवार को 1191 लोगों की जांच एंटीजेन से की गई। इसमें 8 जबकि ट्रूनाट जांच में 4 मरीज मिले।
वहीं आजमगढ़ से आई 557 आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट में 42 मरीज मिले। संक्रमित मरीजों में जिला जेल से 9,भुजही से 5, लैरो से 5, डुमराव से 2, कुशमौर से 2 सहित 54 मरीज मिले है। जिले में अब संक्रमित मरीजों की संख्या 7 हजार 789 पहुंच गई है।इसमें 7 हजार 286 मरीज रिकवर हो चुके है। 60 मरीजों की मौत हो चुकी है, सक्रिय 443 मरीजों में से 291 मरीजों का उपचार चल रहा है।
788 लोगों को लगी टीके की पहली डोज
जिले में बुधवार को 51 केंद्रों पर टीकाकरण का आयोजन हुआ। इसमें 788 लोगों को टीके की पहली डोज दी गई। चौथे चरण में जारी टीकाकरण में जिला अस्पताल, महिला जिला अस्पताल तथा जिले के नौ सीएचसी सहित 51 अस्पतालों पर सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक टीकाकरण हुआ। इसमें 788 लोगों ने पहुंचकर टीके की पहली डोज लगवाई। जबकि 39 लोगों को टीके की दूसरी डोज दी गई।
कोपागंज के युवक की नोएडा में मौत
कोपागंज (मऊ)। नगर पंचायत कोपागंज के हूंसापुरा निवासी युवक की नोएडा में इलाज के दौरान मंगलवार की शाम को मौत हो गई। परिजनों की माने तो युवक के संक्रमित होने के बाद उसका उपचार चल रहा था। मृतक युवक नोएडा में एक प्राइवेट कंपनी में इंजीनियर के पद पर तैनात था। 15 दिन पहले उसकी तबीयत खराब होने पर परिजन उसे एक प्राइवेट हॉस्पिटल में ले गए पॉजिटिव आने के बाद इलाज चल रहा था। मंगलवार की शाम उसकी मौत हो गयी। सूचना मिलते ही घरवाले नोएडा रवाना हो गए।