मऊ जिले के नई बाजार के पास फोरलेन पर गुरुवार दोपहर दो बाइक में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बाइक चालक की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त दोहरीघाट ब्लाक के कादीपुर ग्राम पंचायत के प्रधान के पुत्र शिवमोहन (20) के तौर पर हुई।
मऊ जिले के नई बाजार के पास फोरलेन पर गुरुवार दोपहर दो बाइक में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बाइक चालक की मौत हो घई। जबकि दूसरे की हालत गंभीर है। हादसे में जान गंवाने वाला युवक दोहरीघाट ब्लाक के कादीपुर ग्राम पंचायत का प्रधान का पुत्र है। हादसे की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया तो वहीं गांव में मातम पसर गया।
विज्ञापन
दोहरीघाट थाना क्षेत्र के कादीपुर ग्राम पंचायत के प्रधान सुभाष चौहान का पुत्र शिवमोहन (20) जेसीबी चालक था। वह इन दिनों जेपी कंपनी में काम कर रहा था। गुरुवार को वह फोरलेन से वापस बाइक से अपने गांव कादीपुर की तरफ आ रहा था। नई बाजार के पास आजमगढ़ जिले के जीयनपुर थाना के रोशनगंज निवासी कृष्णा यादव की बाइक से उसकी बाइक में आमने-सामने की टक्कर हो गई।
दोनों बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था। बाइकों की टक्कर से दोनों हवा में उछले और दूर जाकर गिरे। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को दोहरीघाट अस्पताल में भर्ती कराया। यहां शिवमोहन की हालात गंभीर होने पर डाक्टरों ने उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया, जहां रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने उसका शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सड़क हादसे में जान गंवाने वाला शिवमोहन पांच भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। हादसे के बाद से ग्राम प्रधान पिता सुभाष और मां भोलारी देवी समेत भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घर के बाहर ग्रामीणों का जमावड़ा लगा है।