मऊ। जिले के परिषदीय स्कूलों की हालत और उसकी दशा सुधारने को लेकर शासन ने नोडल अधिकारी नामित कर दिया है। नोडल अधिकारी दो दिवसीय दौरे पर जिले में आएंगे और स्कूलों, बीआरसी सहित कस्तूरबा विद्यालयों का निरीक्षण करेंगे। शासन की तरफ से जांच अधिकारी नामित होने के बाद विभागीय अधिकारियों ने तैयारियों को तेज कर दिया है। एक सितंबर से कक्षा एक से पांच तक के स्कूल संचालित हो रहे हैं। ऐसे में स्कूलों की क्या व्यवस्था है और भवन, छात्र संख्या, शिक्षक संख्या, प्रेरणा पोर्टल पर शिक्षकों की उपस्थित, निशुल्क पाठ्य पुस्तक, कार्य पुस्तिका की आपूर्ति, यूनिफार्म वितरण व बीआरसी पर उपलब्ध संसाधन किस दशा में हैं, इसको जांचने के लिए शासन की तरफ से टीम का गठन किया गया है। शासन की तरफ से राज्य परियोजना कार्यालय में वरिष्ठ विशेषज्ञ आनंद पांडेय को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। नोडल अधिकारी छह व सात सितंबर को जिले के स्कूलों, बीआरसी, कस्तूरबा विद्यालयों का निरीक्षण करेंगे। शासन से टीम के नामित होने के बाद विभाग की तरफ से तैयारी तेज कर दी गई है। बीएसए डॉ. संतोष कुमार सिंह का कहना है कि शासन की तरफ से राज्य परियोजना कार्यालय में वरिष्ठ विशेषज्ञ आनंद पांडेय नामित किए गए हैं। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं।