मऊ। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी की तरफ से बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में सोशल डिस्टेंसिंग के साथ श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इसमें पूर्वी लद्दाख के गलवन क्षेत्र में चीनी सैनिकों द्वारा भारतीय सेना पर किए गए हमले में शहीद जवानों को श्रद्धा सुमन अर्पित किया। साथ ही दो मिनट का मौन रखकर गतात्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना किया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि चीन भारत के खिलाफ सदैव साजिश रचता रहा है जबकि उसका पूरा व्यापार भारत पर ही निर्भर है। हमारे जवानों का बलिदान चीन को बहुत महंगा साबित होगा। भारतीय सेना पर पूरे देश को गर्व है। भारतीय सेना ने चीन को ईंट का जवाब पत्थर से दिया है। केंद्र सरकार भारत के अंदर चीनी सामानों पर पूर्ण रूपेण प्रतिबंध लगाए। चीन को हर मोर्चे पर मुंहतोड़ जवाब दें। इस अवसर पर रामप्यारे सिंह, विनय सिंह, शुभम विश्वकर्मा, आदर्श राय, सुबोध सिंह, अभिषेक पांडेय, अतुल पांडेय, शशिभूषण सिंह, मनीष सिंह आदि शामिल रहे।