मुहम्मदाबाद गोहना। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के नगरीपार गांव निवासी एक व्यक्ति ने तीन लोगों पर धोखाधड़ी से बिना पैसा दिए तीन बिस्वा जमीन रजिस्ट्री कराने का आरोप लगाते हुए आरोपियों पर जान से मारने की धमकी और जातिसूचक शब्दों की गाली देने का आरोप लगाते हुए धोखाधड़ी और एससीएसटी का मुकदमा दर्ज कराया है।
नगरीपार गांव निवासी अखिलेश पुत्र जोखन राम का आरोप है कि पीड़ित ने मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के पीटोखर गांव निवासी वकील चौहान से 4 लाख 11 हजार रुपये व्यापार के लिए उधार लिए थे। इसे बाद में नकद और वकील चौहान के बताए हुए कौशांबी जनपद के सोरांव थाना क्षेत्र के सारायलाल खातून गांव निवासी राममिलन के खाते में वापस कर दिया। इसके बाद आरोपियों का मेरे घर आना जाना हो गया। इस बीच मेरे पिताजी को प्रभाव में लेकर विपक्षी वकील और राममिलन ने तीन बिस्सा जमीन का 20 लाख रुपये देने का वादा कर 26 दिसंबर 2023 को उसके पिता से धोखे से रजिस्ट्री करा ली। आरोप है कि विपक्षियों ने बैंक में पैसा भेजने का झूठा आश्वासन देकर रजिस्ट्री करा ली। आरोपियों ने एक भी पैसा खाता में नहीं भेजा। बाद में जानकारी होने पर जब पैसे की मांग की तो एक अन्य व्यक्ति उमेश सिंह ने अपने मोबाइल से फोन कर पैसा भूल जाने का की धमकी देते हुए जान से मारने की धमकी दी। वादी मुकदमा का आरोप है कि आरोपियों ने उसे जातिसूचक शब्दों की गाली देते हुए जान से मारने की धमकी दी। तहरीर के आधार पर आरोपी वकील चौहान, राममिलन और उमेश सिंह के विरुद्ध धोखाधड़ी, जान से मारने की धमकी और अनुसूचित जाति जनजाति निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। कोतवाल केके वर्मा का कहना है कि तीन आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर घ मामले की जांच की जा रही है।