दोहरीघाट बाजार में धूमधाम से निकाली गई भगवान जगन्नाथ की शोभायात्रा।
- फोटो : mau
कस्बा स्थित भगवान जगन्नाथ के मंदिर प्रांगण से शनिवार को भगवान कृष्ण, बलराम और सुभद्रा की भव्य शोभायात्रा बाजे गाजे के साथ निकाली गई। शोभायात्रा की अगवानी स्वयं अश्वराज ने की। इस दौरान रास्तेभर भजन-कीर्तन और जयकारों से माहौल भक्तिमय रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान का दर्शन कर और रथ खींच कर अपने को धन्य किया।
रथयात्रा में शामिल महिलाओं ने फूल, माला फल, चंदन, अगरबत्ती, कपूर आदि से भगवान जगन्नाथ की पूजा की। डीजे भक्ति गीतों की धुन पर युवा थिरकते रहे। पूरा नगर भक्ति मय होकर भगवान जगन्नाथ की जयकारों से गुंजायमान होता रहा। शोभायात्रा नगर का भ्रमण करते हुए पुन: मन्दिर पहुंच कर सम्पन्न हुई।
जहां हुई आरतती में श्रद्धालुओं की भीड़ मौजूद रही। इसके बाद कढ़ी चावल का प्रसाद भगवान जगन्नाथ को भोग लगा कर बांटा गया। इस दौरान आयोजकों में पुजारी लालमुनि पांडेय, महंत बाबा मेलाराम, अजय गुप्ता, सभासद बाबूलाल, सभासद प्रतिनिधि कपूरचंद, वृजेश साहनी, मुन्द्रिका यादव, मोनू साहनी, कमलेश, प्रमोद आदि लोग रहे।
उधर रतनपुरा स्थित महाराज जी की कुटी से भगवान जगन्नाथ की भव्य झांकी निकाली गई। भगवान जगन्नाथ की यात्रा राम जानकी मंदिर, डीह तिलक ठाकुरबढ़वा महाराज की कुटी से शुरू हो कर रतनपुरा बाजार एवं गांवों का भ्रमण करते हुए हनुमान मंदिर पर समाप्त हुई। हजारों श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ की जयकार करते हुए रथ के पीछे चल रहे थे। पूरा क्षेत्र भगवान जगन्नाथ की जयकारों से गूंजता रहा। राम जानकी मंदिर के महंत उमेश अरूणेस दास जी के नेतृत्व में शोभा यात्रा निकाली गई। जबह जगह पर लोगों ने भगवान जगन्नाथ की पूजा अर्चना किया।