शाही कटरा स्थित मस्जिद में अलविदा जुमें की नमाज अदा करते रोजेदार।
अलविदा की नमाज शुक्रवार को जिले में अकीदत के साथ कड़ी सुरक्षा के बीच अदा की गई। नसीरपुर में एक धार्मिक स्थल पर अराजकतत्वों द्वारा एक नमाजी को गोली मार देने एवं प्रतिबंधित मांस फेंक दिए जाने की घटना को लेकर प्रशासन अलर्ट रहा। अर्धसैनिक बलों की निगहबानी में अलविदा जुमे की नमाज अदा की गई। इसमें कई कंपनी पीएसी के साथ ही जनपद की पुलिस भी सक्रिय भूमिका में रही साथ ही उच्चाधिकारी भी चक्रमण करते रहे। इस दौरान दोपहर के समय शहर में रूट डायवर्जन भी रहा और वाहन शहर के बाहर बाईपास रोड से ही होकर निकले।
अलविदा जुमे की नमाज को लेकर सुरक्षा के दृष्टिकोण से अर्धसैनिक बलों में दो कंपनी आरएएफ, एक कंपनी आईटीबीटी, तीन कंपनी पीएसी के साथ ही जनपद की पुलिस सक्रिय रही। नगर में कई थाना क्षेत्रों की पुलिस भी रही। अलविदा जुमे की नमाज को लेकर प्रशासन अलर्ट रहा। अलविदा जुमे को शांति पूर्वक संपन्न कराए जाने के लिए अर्धसैनिक बलों के जवान हर मस्जिद, ईदगाह से लेकर चक्रमण करते दिखाई दिए। इसके अलावा मजिस्ट्रेट एवं पुलिस के अधिकारी की भी जगह-जगह तैनात रहे। सादे वेश में खुफिया विभाग की तैनाती की गई है जो पल पल की खबर लेते रहे और किसी अप्रिय घटना के अंदेशों को लेकर लोकेशन लेते रहे। नगर में अलविदा जुमे की नमाज के एक घंटा पहले से ही नगर में रूट डायर्ट कर दिया गया है। नगर में बड़े और छोटे वाहन भी नहीं जा पाएं सभी वाहनों को बाहर-बाहर ही निकाला गया।
जगह-जगह थानाध्यक्षों की ड्यूटी के साथ-साथ कांस्टेबल लगाये गये थे। नगर के शाही कटरा, रौजा मस्जिद, मिर्ची मस्जिद, कोतवाली मस्जिद, मुंशीपुरा बेलाल मस्जिद, बंगाली बाबा मस्जिद, बड़े मौलाना मस्जिद आदि नगर के सभी प्रमुख मस्जिदों में शांतिपूर्ण ढंग से अलविदा जुमा की नमाज अदा की गयी। सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टिकोण से सीओ सिटी पंकज कुमार सिंह के नेतृत्व में कोतवाली से मिर्जाहादीपुरा तक नमाज के दौरान रुट मार्च भी निकाला गया।