नगर के शाही कटरा के मैदान स्थित मस्जिद में अलविदा जुमा की नमाज अदा करते मुस्लिमबंधु।संवाद
- फोटो : MAU
मऊ। रमजान के अंतिम शुक्रवार को अलविदा की नमाज विभिन्न मस्जिदों में अकीदत से अदा की गई। इस दौरान मस्जिदें नमाजियों से खचाखच भरी रहीं। उलेमा ने जुमा की नमाज से पहले रमजान के आखिरी अशरे पर रोशनी डाली। नमाज के बाद मुल्क की तरक्की और अमनचैन की दुआएं मांगी गईं। मस्जिदों के पास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। इस दौरान रूट डायवर्जन की जरूरत नहीं पड़ी। नमाज के कुछ समय पहले ही लोग मस्जिदों में पहुंचना शुरू हो गए थे। कुछ बड़ी मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ रही। नमाज से पहले उलेमा ने तकरीर में रमजान के आखिरी अशरे ‘जहन्नम से आजादी’ पर तकरीर करते हुए कहा कि हर रोजेदार इस अशरे में खुदा से अपने गुनाहों की माफी मांगता है। अल्लाह गुनाहगारों को जहन्नम की आग निजात देता है। मस्जिदों के बाहर सुरक्षा के लिए पुलिस कर्मी तैनात रहे। सुरक्षा व्यवस्था की मानीटरिंग अपर पुलिस अधीक्षक टीएन त्रिपाठी करते रहे। इंदारा : क्षेत्र की अहले सुन्नत, जामा मस्जिद, नूरी मस्जिद, चश्मा फैज, दारूल सलाम, मदनी शहीद, फैज सहित विभिन्न मस्जिदों में अलविदा की नमाज अदा की गई। अदरी, इंदारा, शाहपुर, खालिसपुर की सभी मस्जिदों में भारी संख्या में लोगों ने नमाज में शिरकत की। कोपागंज: शुक्रवार को नगर की प्रमुख शाही मस्जिद, कोईरियापार, पूराघाट, कुर्थीजाफरपुर अदरी आदि मस्जिदों में अलविदा की नमाज अदा की गई। सभी मस्जिदों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। घोसी : नगर के एसडीएम आवास रोड स्थित चतरा मस्जिद, कोट मस्जिद, जामा मस्जिद, मदरसा कासिमुल उलूम काजीपुरा, जामा मस्जिद बड़ागांव, शिया जामा मस्जिद में अलविदा की नमाज अदा की गई। एसडीएम सुरेश कुमार, सीओ राजीव प्रताप सिंह, कोतवाली प्रभारी नागेश उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। मधुबन : क्षेत्र में दरगाह, बीबीपुर, सिपाह, मर्यादपुर, दुबारी, रसूलपुर, फतेहपुर में अलविदा की नमाज अदा हुई। मौलाना महबूब आलम शमशी ने रमजान की फजीलतें बयान कीं। एसडीएम कमल यादव, सीओ उमाशंकर उत्तम एवं थाना प्रभारी सौरभ राय सुरक्षा व्यवस्था संभाले रहे।