संवाद न्यूज एजेंसी
दोहरीघाट/कुसुम्हा। दोहरीघाट थाना क्षेत्र गोंठा बाइपास के पास घायल संजय को गोली मारने के मामले में पुलिस ने पत्नी की तहरीर पर आठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। वहीं गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें बना कर पुलिस दबिश दे रही है। गोलीकांड के पीछे पैसों के लेनदेन का मामला बताया जा रहा है।
इस घटना से पहले संजय ने बदमाशों को पहले सही बाइक के साइड मिरर से पीछा करते देख लिया था। हमलावरों से बचने के लिए किराना की दुकान में सामान लेने के बहाने रूका। लेकिन बदमाशों ने वहां आकर संजय को मारा पीटा और जब वह भागने लगा तो गोली मार दी।
घायल संजय की पत्नी आरती की तहरीर पर दोहरीघाट पुलिस ने अंशु यादव उर्फ पीयूष गौड़, सोनू यादव, नीतीश यादव उर्फ लालू्, मनीष सिंह पटेल, हिमांशू यादव, गोलू यादव उर्फ वरुण और सुधीर कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसओ दोहरीघाट राजकुमार सिंह ने बताया कि घटना के बाद पुलिस की तीन टीमों ने सात जगहों पर दबिश दी है, लेकिन घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो चुके हैं। बताया कि घायल संजय और नामजद आरोपियों के बीच लेनदेन को लेकर पुराना विवाद है।