कोपागंज। स्थानीय थाना के बाड़ा गांव के कटबनिया निवासी एक युवक की तहरीर पर पेड़ काटकर मूर्ति फेंकने के मामले में पुलिस ने बुधवार की देर शाम तीन के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। थाना के बाड़ा कटबनिया निवासी कल्पनाथ यादव ने पुलिस को सौंपी तहरीर में बताया कि उसके पिता फेकू यादव ने 15 साल पहले छपरा गांव में त्रिशंकरी, बरगद और पाकड़ का पेड़ लगाए थे। ग्रामीण वहां भगवान शिव की मूर्ति रखकर पूजा पाठ करते थे। 15 जनवरी को खालिसपुर निवासी राकेश कुमार, बलिया जिले के रसड़ा कोतवाली के बनियाबाध निवासी अजय कुमार, अमित कुमार पेड़ को काट रहे थे। जानकारी होने पर कल्पनाथ ने मौके पर जाकर पेड़ काटने से मना किया। लेकिन गाली देते हुए तीनों ने उसे मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पेड़ काटकर वहां से मूर्ति भी फेंक दिया। ग्रामीणों को आते देख जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। मुकदमा दर्ज कर पुलिस कार्रवाई में जुट गई है।