मऊ। नवगठित स्टेशन सलाहकार समिति की प्रथम बैठक में बृहस्पतिवार को कई बेहतर सुझाव रखे गए। जहां गोरखपुर-यशवंतनगर ट्रेन को मऊ से चलाने की बात सामने आई तो वहीं छपरा से वाराणसी सिटी तक चलने वाली ट्रेन को वाराणसी कैंट तक चलाने का सुझाव दिया गया। मऊ जंक्शन के वीआईपी सभागार में मंडल वाणिज्य निरीक्षक अखिलेश सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में समिति के सदस्यों ने मऊ स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया तथा उसके संदर्भ में आवश्यक सुझाव दिए। बैठक में सदस्य प्रदीप सिंह ने छपरा-वाराणसी सिटी गाड़ी संख्या 15111 के मऊ स्टेशन पर समय में परिवर्तन कर सुबह 6:35 पर किए जाने का प्रस्ताव रखा तथा उसे वाराणसी कैंट तक चलाने की मांग की। साथ ही एटीवीएम को चालू करने और मालगोदाम को अन्यत्र स्थानांतरित करने और गोरखपुर-यशवंतपुर ट्रेन को मऊ से चलाने की मांग की।
डॉ. रविंद्रनाथ मिश्रा ने महिला एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग टिकट खिड़की खोलने, पूछताछ केंद्र, स्टेशन पर मेडिकल स्टोर और गीता प्रेस का बुक स्टॉल खोलने का प्रस्ताव रखा। इस दौरान आनंद कुमार, डॉ राघवेंद्र कुमार मिश्र, मुहम्मद यूनुस, उमेश यादव आदि ने भी सुझाव दिए। बैठक में स्टेशन अधीक्षक नीरज कुमार लाल, रेलवे सुरक्षा प्रभारी अजय कुमार सिंह, वरिष्ठ टिकट परीक्षक सीताराम यादव आदि उपस्थित रहे।