मृतका खुशी पांडेय।आत्महत्या की खबर में
- फोटो : MAU
मऊ। मधुबन थाना क्षेत्र के टेनुआ कोटिया गांव में शनिवार की देर शाम दसवीं की एक छात्रा ने खुद को सिर गोली मारकर खुदकुशी कर ली। घटना के समय परिजन घर के अगले हिस्से में बैठकर भोजन की तैयारी में थे। पड़ोसियों के पहुंचने पर वह जब किशोरी के कमरे में पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीओ तथा एसओ ने मौका मुआयना कर घटना की जानकारी ली। गांव निवासी राजेश पांडेय फतेहपुर मंडाव सीएचसी में स्वास्थकर्मी हैं। शनिवार की देर शाम वह अपने एक साथी के गांव इंदारा में एक गमी में शामिल होकर लौटे और रात साढ़े नौ बजे बेटी खुशी पांडेय (16) के कमरे में जाकर उसका हालचाल लिया और खाना खाने चले गए। कुछ देर बाद उन्हें गोली चलने की आवाज आई, उन्होंने किसी के घर में कुछ गिरना सोचकर ध्यान नहीं दिया और भोजन करते रहे। कुछ देर बाद एक दो पड़ोसी उनके यहां आए और घर से किसी प्रकार की तेज आवाज आने की बात बताई। ऐसे में बेटे के साथ वह खुशी के बंद कमरे को धक्का देकर अंदर गए तो सन्न रह गए। कमरे में खुशी लहूलुहान निढाल पड़ी थी और पास ही उनकी दोनाली बंदूक भी पड़ी थी। सूचना मिलने पर सीओ मधुबन अभय सिंह, एसओ सौरभ राय ने मौका मुआयना किया और घटना की जानकारी ली। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। सीओ अभय सिंह ने बताया कि छात्रा की मौत किसी वजह से हुई है, इस मामले में जांच की जा रही है। अभी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। गोली लगने से संदिग्ध परिस्थिति में मृत खुशी मेधावी छात्रा थी। वह क्षेत्र के एक निजी विद्यालय की होनहार छात्रा में शुमार थी। उसकी मौत से जहां उसके साथी और विद्यालय प्रबंधन हतप्रभ है। वहीं गांव के लोग भी उसके काफी अच्छे स्वभाव के चलते इस घटना से मर्माहत दिखे।