जिलाधिकारी अरुण कुमार ने पुलिस अधीक्षक श्री अविनाश पांडे के साथ घोसी विधानसभा उपचुनाव में मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बूथों का निरीक्षण किया। साथ ही मतदान कार्मिकों को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कई बूथों पर ठीक ढंग से अमिट स्याही न लगाने तथा मतदाताओं द्वारा स्याही को तुरंत मिटाने का मामला संज्ञान में आने पर मतदानकर्मियों को अमिट स्याही को ठीक ढंग से लगाने तथा स्याही सूख जाने के उपरांत ही मतदाताओं को मत दिलाने का निर्देश दिया। इसके अलावा उन्होंने पीठासीन अधिकारियों को किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को बूथ के अंदर प्रवेश न देने का निर्देश दिया।
बूथों पर तैनात पुलिस तथा सुरक्षा बलों को भी जिलाधिकारी ने बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश न करने तथा मतदान के उपरांत मतदाताओं की स्याही चेक करने का निर्देश दिया। महिला सुरक्षाकर्मियों द्वारा महिला मतदाताओं की पहचान ठीक ढंग से करने का निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संदिग्ध पहचान पत्रों की भी जांच करने को कहा।
जिससे फर्जी मतदान को रोका जा सके। इस दौरान प्रशासन की सतर्कता एवं सख्ती के कारण मतदान सकुशल ढंग से संपन्न हो गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय के अलावा रिटर्निंग ऑफिसर सुरेश कुमार,उप जिला अधिकारी सदर आनंद कन्नौजिया, तहसीलदार घोसी एवं सदर सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।