मऊ। मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर की अध्यक्षता में सोमवार को जिला अनुश्रवण समिति की मासिक समीक्षा बैठक विकास भवन के सभागार में हुई। बैठक के दौरान ऑपरेशन कायाकल्प योजना के तहत घोसी ब्लॉक की प्रगति खराब होने पर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा नाराजगी जताते हुए उसे दूर करने का निर्देश दिया।
सीडीओ ने बैठक में मौजूद सभी ब्लॉकों के खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने विद्यालयों से संबंधित पैरामीटर तैयार कर लें, जिससे यह पता चल सके कि कितने पैरामीटर पर कार्य पूरा हो चुके हैं और कितने पर कार्य कराए जाने हैं। इस दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष उपाध्याय ने बताया कि नगर क्षेत्र में 26 विद्यालय ऐसे हैं जिसपर कार्य कराए जाने हैं। वहीं छात्र एवं अध्यापकों की उपस्थिति आधार प्रमाणीकरण के संबंध में बीसीए ने बताया कि जिन बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र एवं जाति प्रमाण पत्र न होने के कारण उन बच्चों के आधार प्रमाणीकरण किए जाने में समस्या आ रही है। जिस पर सीडीओ ने अभिभावकों को जागरूक कर जन्म प्रमाण और जाति प्रमाण पत्र बनवाने की बात कही, जिससे बच्चों को सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं से लाभान्वित किया जा सके। साथ ही बीएसए को निर्देश दिया कि उन बच्चों का जन्म एवं जाति प्रमाण पत्र न बन पाने का कारण क्या है इसको स्पष्ट करें। वहीं निपुण योजना के तहत सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, एसआरपी और एआरपी को निर्देश दिया कि इस योजना के तहत सुधार लाएं। अन्यथा की स्थिति में कार्रवाई तय है।