जिले के विभिन्न ग्रामीण इलाकों में डाला छठ के मौके पर व्रती महिलाओं ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। घाटों पर मेला जैसा दृश्य रहा। बच्चों ने खिलौने सहित सामान की जमकर खरीददारी की।
दोहरीघाट संवाददाता के अनुसार कस्बे के निकट सरयू नदी के तट, नई बाजार, बेलौली, सूरजपुर, धनौली रामपुर सहित गांवों स्थित तालाबों पर काफी संख्या में व्रती महिलाओं ने छठ माता के गीत गाते हुए भगवान सूर्य को अर्घ्यदान दिया। इसी बीच घाटों पर लगे मेले में बच्चों का उत्साह देखते ही बनता था। ज्यादातर बच्चों को पटाखे छोड़ते देखा गया।
कोपागंज संवाददाता के अनुसार कस्बा सहित क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में डाला छठ धूमधाम के साथ मनाया गया। कोपागंज कस्बा सहित क्षेत्र के भदसमानोपुर, सहरोज, हिकमा, सेंनुराइच, भेलाबांध, फ़िरोजपुर, काछीकला, कोपागंज देहात सहित विभिन्न गांवों में स्थित पोखरा पर सूर्योपासना के लिए भारी संख्या में महिलाओं भीड़ उमड़ी। व्रती महिलाओं ने विधिविधान से अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पोखरे की सफाई और टेंट लगाकर प्रशासन का सहयोग किया। विशेषकर वनदेवी धाम स्थित पोखरे पर गहमागहमी रही।
नदवासराय संवाददाता के अनुसार डाला छठ पर्व के मौके पर क्षेत्र के देवलास मंदिर स्थित पोखरे में हजारों की संख्या में जुटी महिलाओं ने भगवान सूर्य को अर्घ्यदान दिया। रानीपुर संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के रानीपुर, पलिगढ़, काझा, आदि इलाकों के पोखरों पर महिलाओं ने अर्घ्य दिया। खुरहट स्थित तमसा नदी, काझा स्थित शिव मंदिर विभिन्न पोखरों चहुंओर मेला जैसा दृश्य रहा। कुसुम्हा संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के गोठा, नगरीपार, पाउस, फरसरा सहित विभिन्न इलाकों में छठ धूमधाम से मना।
अमिला संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में डाला छठ हर्षोलास के साथ मनाया गया। अमिला क़स्बा साप्ताहिक बाजार स्थित पोखरा व कोट मुहल्ला स्थित शिवसागर पोखरा, सोनकर बस्ती से पूरब शीतल साह का पोखरा तथा बाबा थानीदास पोखरा पर खनिगह, बुद्धिकपुरा, बसवानपुर, रकबा, हवाकपुरा, अक्टहवा, सरया, नवकापुरा, चिरैयाडाड, हेमइ, मड़ई, सोनाडीह, मफिया सहित दर्जनों गांव के महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी। बोझी संवाददाता के अनुसार स्थानीय बाजार सहित क्षेत्र के रामपुर चकजगरनाथ, सोहण, पीवाताल, चंद्रापार, कुड़हनी, मांदीसिपाह, भटमीला, अमिला, थानीदास सहित विभिन्न इलाकों में डाला छठ पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। घोसी संवाददाता के अनुसार घोसी कस्बा सहित क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में डाला छठ धूमधाम से मनाया गया।