जिलाधिकारी अरुण कुमार ने स्वामित्व योजना, जल जीवन मिशन, कान्हा गौशाला के निर्माण की स्थिति, कोर्ट केस/अवमानना वाद आदि के संबंध में समीक्षा बैठक की। कहा कि समय सीमा के अंदर विभाग अपने-अपने कराए जा रहे कार्यों को पूरा कराएं। जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान अधिशासी अभियंता जल निगम एमए किदवई ने बताया कि नए निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले एक ग्राम पंचायत को छोड़कर सभी ग्राम पंचायतों में भूमि उपलब्ध हो चुकी है। विकासखंड दोहरीघाट के ग्राम पंचायत बहादुरपुर में अभी भी जमीन के चिन्हांकन न होने पर जिलाधिकारी ने एसडीएम घोसी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। अपशिष्ट प्रबंधन के लिए समस्त नगर पंचायतों, नगर पालिका में भूमि के सर्वे के लिए सभी उप जिलाधिकारियों को अगले 10 दिनों में आवश्यक कार्यवाही करने को कहा। साथ ही उन्होंने कार्यदाई संस्था सीएंडडीएस के अधिशासी अभियंता को तहसील प्रशासन के साथ अपने कर्मचारियों को भी इस कार्य में सहयोग करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कोर्ट केस/अवमानना बाद की समीक्षा के दौरान विभागों द्वारा समय सीमा के अंदर कोर्ट केस एवं अवमानना वाद से संबंधित कार्यवाही पूर्ण न करने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी।
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी भानु प्रताप सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट नीतीश कुमार सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी एम प्रसाद आदि शामिल रहे।