वलीदपुर नगर पंचायत में खुले में कचरा डंप किए जाने से पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है। नगर पंचायत से गुजरने वाली मुख्य सड़क के किनारे आबादी के बीच नगर पंचायत द्वारा वार्ड से निकलने वाला कचरा डंप किया जा रहा है। शिकायतों के बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया जा सका है। लोगों को संक्रामक बीमारियों का भय सता रहा है।
वलीदपुर नगर पंचायत के पास डंपिंग ग्राउंड न होने से नगर पंचायत द्वारा वार्डों से निकलने वाला कचरा खुले में डंप किया जा रहा है। वार्ड दो नारा में भी ऐसी स्थिति होने से वार्डवासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नगर पंचायत द्वारा वार्ड से निकलने वाला कचरा मुख्य सड़क के बगल में खाली जमीन पर डंप किया जा रहा है। आबादी के बीच कचरा डंप होने से उठने वाली भीषण दुर्गंध से लोग त्रस्त हैं। शिकायतों के बाद भी जिम्मेदारों द्वारा इस समस्या से निजात दिलाने का प्रयास नहीं किया जा रहा है।
इस संबंध में नगर पंचायत के सौरभ गुप्ता का कहना है कि मेरे घर के बगल में कचरा डंप किया जा रहा है। दुर्गंध से लोग परेशान हैं, सांस लेने में समस्या होती है। नगर के मोहम्मद तारिक का कहना है कि स्वच्छता मुहिम का संदेश देने वाले जिम्मेदार खुद कचरा डंप कर रहे हैं। प्रदीप गुप्ता का कहना है कि खुले में डंप कचरा से उठने वाली भीषण दुर्गंध से संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। बावजूद जिम्मेदार मौन साधे हैं। आसिफ मुस्तफा का कहना है कि समस्या के समाधन के लिए विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया गया। लेकिन, सिर्फ आश्वासन ही मिला। राजकुमार का कहना है कि दूसरों को खुले में कचरा न फेंकने की नसीहत तो नगर पंचायत के जिम्मेदार देेते है, लेकिन खुद इससे सीख नहीं लेते हैं। रामनरायन राम का कहना है कि वार्ड की समस्या को कई बार नगर पंचायत कार्यालय में शिकायत दर्ज कराया, बावजूद समस्या जस की तस है।