मोहम्मदाबाद गोहना। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के विभिन्न गांव और कस्बों में चोरी में शामिल गैंग के सरगना सहित तीन पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि मोहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र में पूर्व में हुई कई चोरी में पुलिस की जांच में चोरी करने वाले गिरोह के सरगना और उसके गिरोह के दो सदस्यों के बारे में जानकारी मिली। पुलिस जांच में पता चला कि आजमगढ़ के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सठियांव चौक निवासी अफताब पुत्र हलीम, अब्दुल्लाह उर्फ छोटू पुत्र इकबाल और अमोल वर्मा पुत्र कन्हैया वर्मा निवासी नूरपुर का संगठित गिरोह है जो आए दिन क्षेत्र में चोरी को अंजाम देते हैं। पुलिस जांच में कोतवाली क्षेत्र के देवसीपुर, जहानियापुर मोहम्मदाबाद गोहना कस्बा के आदर्श नगर मोहल्ला आदि स्थानों पर हुई चोरियों में इनका नाम सामने आया था। इसके पहले आदर्श नगर मोहल्ला स्थित राजू वर्मा के घर में चोरी के आरोप में उक्त तीनों पहले ही जेल जा चुके हैं। बताया कि चोरी से क्षेत्र में काफी आतंक है। जनता में शांति, अमन चैन और भयमुक्त वातावरण का माहौल कायम करने के लिए उक्त तीनों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की सिफारिश की गई है।