सरायलखंसी थाना क्षेत्र के वनदेवी जंगल में मंगलवार को एक युवती संग गैंगरेप की घटना के चौथे दिन भी पुलिस की पकड़ से आरोपी दूर हैं। हालांकि पुलिस ने एक आरोपी को चिह्नित किया है, लेकिन दो अन्य का पता नहीं चला है। उधर सीओ सिटी अशोक कुमार यादव ने गुरुवार को युवती का मेडिकल मुआयना कराने के साथ ही 164 का बयान भी दर्ज करा दिया।
मेडिकल रिपोर्ट में युवती के साथ रेप की पुष्टि हो चुकी है। आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।
बता दें के सरायलखं्सी थाना क्षेत्र के एक गांव के युवक की गांव से ही आठ किलोमीटर की दूरी पर स्थित गांव की एक युवती से शादी की बात चल रही थी। शादी लगभग तय हो चुकी थी और जल्द ही शादी की तिथि तय होने वाली थी। इस बीच युवक ने युवती को देखने एवं बातचीत करने के लिए वनदेवी धाम पर बुलाया।
शादी लगभग तय हो चुकने की संभावना पर वर एवं वधू पक्ष की सहमति से युवती वनदेवी धाम पर आई। युवक और युवती दोनों ने वनदेवी माता के मंदिर पर दर्शन पूजन किया और बातचीत करने के लिए पास में स्थित जंगल में चले गए। यहां वह बैठकर अपनी शादी के संबंध में बातचीत कर रहे थे कि इसी बीच तीन युवक आए और उन्हें प्रेमी युगल समझकर छेड़खानी करने लगे।
प्रेमी युगल ने जब इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उन्हें मारना पीटना शुरू कर दिया। युवक को एक पेड़ से बांध दिया। उसके सामने ही उसकी होने वाली पत्नी के साथ दुराचार किया। घटना के बाद बदमाश भाग गए।
पीड़ित युगल ने इसकी सूचना थाने पहुंचकर बुधवार को दी। पुलिस ने रामाशीष नामक एक आरोपी सहित तीन के विरुद्ध दुराचार का मुकदमा दर्ज किया है। गुरुवार को युवती का 164 का बयान एवं मेडिकल मुआयना कराया गया।
इस संबंध में सीओ सिटी अशोक कुमार यादव का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।