जिले के कोपागंज ब्लाक क्षेत्र के नगर पंचायत कुर्थीजाफरपुर में जल्द ही लाखों की लागत से अंत्येष्टि स्थल बनाया जाएगा। नगर पंचायत से कार्य की स्वीकृति मिल चुकी है। बजट जारी होने के बाद तमसा नदी किनारे अंत्येष्टि स्थल बनाने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसके बनने से कुर्थीजाफरपुर नगर पंचायत के अलावा आसपास के कई गांवों के लोगों को शवों के अंतिम संस्कार के लिए दोहरीघाट या दूसरे जगहों पर नहीं जाना पड़ेगा।
नगर पंचायत कुर्थीजाफरपुर द्वारा 28 लाख रुपये की लागत से अंत्येष्टि स्थल बनाने के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया था। नगर पंचायत ने इस कार्य के लिए बंधा रोड के पास तमसा नदी किनारे स्थान को चिह्नित किया। प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद अंत्येष्टि स्थल निर्माण का रास्ता साफ हो गया। वर्तमान में अंत्येष्टि स्थल न होने से यहां के लोगों की किसी का अंतिम संस्कार करने के लिए दोहरीघाट या गाजीपुर जाना पड़ता है। अब यहां अंत्येष्टि स्थल बनने के बाद लोगों की इस समस्या से निजात मिल जाएगी। नगर पंचायत द्वारा अंत्येष्टि स्थल में शेड बनाने के साथ शौचालय का भी निर्माण कराया जाएगा। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी जयप्रकाश यादव ने बताया कि इसके लिए शासन की तरफ से कुल 28 लाख बजट स्वीकृत कर दिया गया है। इसमें एक बड़ा शेड बनाने के साथ, इंटरलाकिंग, सीमेंटेड कुर्सी, स्नान के लिए नल और मशीन तथा शौचालय का भी निर्माण कराया जाएगा।