सरकारी राशन की दुकानों से अंत्योदय और पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को अप्रैल से अब पोषक तत्वों से भरपूर फोर्टीफाइड चावल का वितरण किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए मुहम्मदाबाद गोहना के पूर्ति निरीक्षक आनंद यादव ने बताया कि शासन की योजना के क्रम में पहली बार अप्रैल से फोर्टीफाइड चावल का वितरण किया जाएगा। जिससे लोगों को आयरन फोलिक एसिड और विटामिन बी12 की कमी पूरी हो सकेगी।
उन्होंने बताया कि खाद्य एवं रसद विभाग उत्तर प्रदेश से जारी निर्देश के क्रम में पूर्व में मिल रहे चावल में 99 किलो चावल में एक किलो फोर्टीफाइड चावल मिलाकर वितरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भारत में लगभग 65 से 70 फीसदी आबादी चावल पर निर्भर है। साधारण चावल खाने से उन्हें कई पोषक तत्वों से वंचित होना पड़ता है। ऐसे में शरीर में खून की कमी और आयरन की पूर्ति के लिए अप्रैल से सभी सरकारी राशन कोटे की दुकानों पर पोषक चावल का वितरण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि चावल को लेकर किसी के मन में कोई भ्रांति न रहे इसके लिए सभी राशन की दुकानों पर बैनर पोस्टर के साथ कोटेदारों और उपभोक्ताओं गणमान्य लोगों की बैठक कर प्रति कार्ड धारकों को भी जागरूक किया जाएगा।
फोर्टीफाइड चावल खाने में आयरन, फोलिक एसिड, और विटामिन बी12 की डोज लोगों को मिल सकेगी। उक्त सभी पोषक तत्वों का मिश्रण होने से यह सभी के लिए फायदेमंद है। केवल थैलेसीमिया से पीड़ित व्यक्ति चिकित्सक से सलाह लेकर ही फोर्टीफाइड चावल का प्रयोग करें। -डॉ. दिनेश चंद्रा, अधीक्षक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ