कोपागंज। डाड़ी सब स्टेशन के लिए सेमरीजमालपुर से हाईटेंशन लाइन बिछाने का कार्य पूरा हो चुका है। लेकिन इसे चालू नहीं किया जा सका है। विभाग के अनुसार चार वर्ष से रेलवे से एनओसी नहीं लेने के कारण लाइन को चालू नहीं किया गया है।
विद्युत उपकेंद्र टड़ियांव से कस्बा सहित भदसा, हिकमा, काछी, नगर कोपागंज, पुराना कोपा, शहरोज, खुखुंदवा, लाड़नपुर सहित विभिन्न गांवों में विद्युत आपूर्ति की जाती है। ओवरलोड तथा तकनीकी खामी तथा फाल्ट से घंटों बिजली गुल रहती है। समस्या से समाधान के लिए विद्युत माध्यमिक कार्य खंड आजमगढ़ की तरफ से सेमरी 132 केवीए स्टेशन से डाड़ी सबस्टेशन के लिए अलग 33000 केवी का वायर सर्किट बिछाने का कार्य 2016 में शुरू हुआ। 2019 तक प्रोजेक्ट तैयार भी हो गया। लेकिन अब तक रेलवे से विभाग एनओसी नहीं ले सका है।
गत दिनों आए विद्युत विभाग के एमडी ने विभागीय अधिकारियों को भुगतान के लिए निर्देश दिया था। इसके बाद भी सुस्ती बरती जा रही है। एनओसी नहीं मिलने से 33000 केवी का वायर सर्किट निष्प्रयोज्य साबित हो रहा है। जबकि ओवरलोड के चलते सेमरी से टड़ियांव तक आने वाले 33000 केवी सर्किट में फाल्ट और तार टूटने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है।
कोट-
सेकेंडरी विद्युत माध्यमिक कार्यखंड आजमगढ़ से रेलवे को लगभग आठ लाख रुपया का भुगतान किया जाना है। बजट स्वीकृति के लिए शासन को पत्र भेजा गया है। - धनेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड द्वितीय, मऊ