मऊ। चिरैयाकोट थाना के असलपुर गांव में मंगलवार की देर रात करीब एक बजे गांव निवासी 24 वर्षीय सौरभ सिंह की हत्या के खुलासा के लिए एसपी अविनाश पांडेय के निर्देशन में चार टीमों का गठन किया गया है। घटना के बाद सभी चार टीमें गांव सहित आस- पास के क्षेत्रों में छानबीन में लगी हुई हैैं।
पुलिस को हत्याकांड में कुछ अहम सुराग भी हाथ लगे हैं। साथ ही पुलिस गांव में तीन वर्ष पहले हुई निवर्तमान प्रधान और उस हत्याकांड के गवाह की भी हत्या से तार जोड़कर जांच कर रही है। मंगलवार की रात में युवक की हत्या होने के बाद बुधवार की देर शाम को युवक का शव गांव पहुंचा जिसके बाद उसका अंतिम संस्कार किया गया।
गांव का माहौल शांत पर सूनी रही सड़कें
मऊ। चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के असलपुर गांव में सौरभ सिंह की रात में घर के गेट के पास गली में हुई हत्या के बाद से बृहस्पतिवार को गांव का माहौल पूरी तरह शांत था। अलसुबह सूरज की किरण निकलने के साथ पुलिस के जवान भी चक्रमण करते दिखे। गांव में खेती किसानी का सीजन पीक पर होने के बाद भी सड़कें सूनी रहीं।
बंद थी जुबान लेकिन सवाल करती दिखी आंखें
मऊ। गांव में तीन वर्ष में तीन लोगों की हत्या के बाद घर के ठीक सामने गांव में सौरभ की हत्या का तरीका साफ संकेत दे रहा है, बदमाशों द्वारा जबरदस्त रेकी की गई थी। बदमाशों को पता था कि कहा पर घटना को अंजाम देना है। हत्या को लेकर कोई भी कुछ बोलने को तैयार नहीं है। सभी की जुबान बंद है, लेकिन हत्या को लेकर सभी का आंखें एक दूसरे से सवाल करती दिखी।
-
11 माह पहले हुई थी सौरभ की शादी
मऊ। असलपुर गांव में जिस युवक सौरभ सिंह की गोली मारकर हत्या की गई। उसकी पिछले वर्ष 15 दिसंबर को शादी हुई थी। सौरभ की मौत के बाद पत्नी प्रीति, माता रीता सिंह, पिता सुरेश सिंह का रो रोकर बुरा हाल था। मृतक दो भाई और एक बहन था। बहन की शादी हो गई थी। मृतक का बड़ा भाई गौरव सिंह दिल्ली में रहकर तैयारी कर रहा था। जबकि मृतक घर पर रहकर पिता के साथ खेती कार्य करता था।
-
मृतक के पिता की तहरीर पर तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन चल रही है। हत्याकांड के अनावरण के लिए कुल चार टीम लगाई गई हैं। कई पहलुओं पर जांच चल रही है।
प्रवीण सिंह, थाना प्रभारी चिरैयाकोट