नगर के भुजौटी स्थित कैंप कार्यालय पर सिंचाई एवं विद्युत विभाग की कार्यों की समीक्षा बैठक को संबो?
- फोटो : MAU
मऊ। जिले में चार योजनाएं पूरी हो गई हैं और तीन पर कार्य अधूरा है। इन्हें जल्द पूरा किया जाए। ताकि समय से जनता इनसे लाभ उठा सके। यह बाते जिलाधिकारी अरुण कुमार ने मंगलवार को सिंचाई तथा बिजली विभाग की कलेक्ट्रेट सभागार में हुई समीक्षा बैठक के दौरान कहीं। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता वीरेंद्र कुमार ने बताया कि जिले में सात परियोजनाओं पर काम चल रहा हे। चार का कार्य पूरा हो गया है। जबकि टौंस नदी तट पर हथिनी बांध के सुदृढ़ीकरण, चौधरी चरण सिंह दोहरीघाट पंप नहर प्रणाली के मुख्य नहर एवं राजवाहो पर बीआरबी निर्माण कार्य तथा सरयू नदी के चिवटीडाड रिंग तटबंध पर निर्मित स्पर के पुनर्स्थापना का कार्य अधूरा है। जिलाधिकारी ने इन्हें जल्द पूरा करने को कहा। जिलाधिकारी ने अधीक्षण अभियंता विद्युत आनंद पांडेय से बिजली आपूर्ति सुधार हेतु प्रयास, राजस्व वसूली, ट्रांसफार्मर डैमेज के बारे में जानकारी ली। उन्होंने जनपद में इस वर्ष अब तक कुल खराब एवं जले ट्रांसफार्मरों के बारे में भी जानकारी ली। जिलाधिकारी अरुण कुमार ने तहसीलदार सदर को गोंड जाति प्रमाण पत्र हेतु आए आवेदनों पत्रों के निपटारे में लापरवाही पर प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की। तहसील सदर में एक जनवरी से 31 जुलाई तक गोंड जाति प्रमाण पत्र हेतु कुल 64 आवेदन पत्र आए थे। इनमें अलग-अलग कमियां दिखा कर निरस्त किया था। जिस पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार से स्पष्टीकरण मांगा था। संतोषजनक उत्तर न दिए जाने पर डीएम ने मंगलवार को तहसीलदार सदर संजीव कुमार यादव को प्रतिकूल प्रविष्टि दी।