घोसी में सावधान यात्रा की सफलता को लेकर आयोजित बैठक में लोगों को संबोधित करते सुभासपा के राष्ट्र?
- फोटो : MAU
घोसी। जिले में सावधान यात्रा की सफलता को लेकर मंगलवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कई ग्राम पंचायतों में बैठक की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 18 अक्तूबर को घोसी में होनी वाली यात्रा को सफल बनाने पर चर्चा की। जबकि पार्टी से इस्तीफा देने वाले कार्यकर्ताओं की चर्चा करने से बचते रहे। सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने क्षेत्र के लखनिमुबारकपुर, रसडी, राघौली, पिडवल, इटौराडोरिपूर, रसूलपुर कोइरियापार, मीरपुर रहीमाबाद, जहानीयापुर, धवरियासाथ पर कार्यकर्ताओं संग बैठक में एकजुटता का संदेश दिया। इटौराडोरिपूर ग्राम पंचायत में बताया कि सावधान यात्रा 26 सितंबर को लखनऊ से शुरू होगी और सभी जिलों से होती हुई 18 अक्टूबर को मऊ पहुंचेगी। जहां घोसी के लखीपुर मैदान में बड़ी रैली होगी। रैली के बाद यह यात्रा 27 सितंबर को बिहार के पटना गांधी मैदान में रवाना होगी। जहां पार्टी का स्थापना दिवस मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुभासपा ही अतिपिछड़ों, दलितों, कमजोर वर्ग की पार्टी है। इस दौरान वह गत दिनों पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के दिए गए इस्तीफे पर कुछ भी नहीं बोले। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष विच्छेलाल राजभर, रुद्रप्रताप सिंह, अंकित सिंह गांधी, सुनील सिंह, गोविंद राजभर, सुरेंद्र राजभर, रामू विश्वकर्मा, जितेंद्र चौहान, रामचन्द्र पाल आदि मौजूद रहे।