दोहरीघाट। बुधवार की भोर में गश्त पर निकले थानाध्यक्ष दोहरीघाट की गाड़ी बुढावर गांव के पास अनियंत्रित होकर एक मकान से जा टकराई। हादसे में थानाध्यक्ष और चालक सहित चार पुलिस कर्मचारी घायल हो गए। बाद में पता चला कि हादसा वाहन की स्टेयरिंग फेल होने से हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर जुटी ग्रामीणों की भीड़ ने वाहन का गेट तोड़कर अंदर फंसे पुलिस कर्मचारियों को बाहर निकाला।
इसके बाद सभी को उपचार के लिए अस्पताल भेजने का प्रबंध किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने फोनकर एंबुलेंस बुलाया। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोहरीघाट ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने चालक अनिल कुमार की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे में सबसे कम चोट थानाध्यक्ष दोहरीघाट एसएन यादव को आई। दुर्घटना के दौरान वाहन में थानाध्यक्ष दोहरीघाट एसएन यादव के साथ आरक्षी सौरभ गुप्ता, अभिषेक यादव और सुनील यादव सवार थे। जबकि अनिल गाड़ी को चला रहें थे। घायलों में आरक्षी अभिषेक यादव, सुनील यादव के साथ चालक अनिल को गंभीर चोटें आई।