शासन की मंशा के अनुरूप कार्यों में पारदर्शिता और तेजी न बरतने वाले कर्मचारियों पर तहसील प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मधुबन तहसील में शनिवार को उपजिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार लेखपालों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
उपजिलाधिकारी ने बताया कि लेखपाल विजय यादव, धीरज सोनी, उमाशंकर यादव और रामसेवक चौहान फार्मर रजिस्ट्री और अन्य राजस्व कार्यों में लापरवाही कर रहे थे। इनके समय से तैनाती स्थल पर न पहुंचने और फार्मर रजिस्ट्री के लिए ग्राम पंचायत कार्यालय में उपस्थित न रहने की शिकायतें मिल रही थीं।
बार-बार निर्देशों के बावजूद कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई। आकस्मिक जांच के दौरान सभी अनुपस्थित पाए गए। निलंबन की अवधि में इन सभी को राजस्व निरीक्षक कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।
उपजिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जनहित के कार्यों और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।