पूर्व सांसद हरिनारायण राजभर।फाइल फोटो
मऊ/बलिया। घोसी लोकसभा सीट से भाजपा के पूर्व सांसद हरिनारायण राजभर (76) का रविवार को लखनऊ के एक निजी अस्पताल में हृदयगति रुकने से निधन हो गया। हरिनारायण का जन्म 1 जनवरी 1950 को बलिया जिले के बेल्थरारोड तहसील क्षेत्र के उभांव के टंगुनिया गांव में हुआ था।
परिजनों ने बताया कि शनिवार रात सांस लेने में तकलीफ होने के बाद पूर्व सांसद की तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रविवार की सुबह निधन हो गया। वे अपने पीछे पत्नी मेवाती देवी, तीन बेटों और पांच बेटियों को छोड़ गए। निधन से परिजनों में शोक है। 2014 के लोकसभा चुनाव में घोसी सीट पर उन्होंने बसपा प्रत्याशी दारा सिंह चौहान को 1 लाख 46 हजार 15 मतों से हराकर जीत दर्ज की थी। 2014 में सांसद बनने के बाद उन्हें विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पर्यावरण एवं वन संबंधी स्थायी समिति का सदस्य, रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय की सलाहकार समिति का सदस्य बनाया गया। 2019 में इनका टिकट कटना तय माना जा रहा था लेकिन जातीय समीकरण के आधार पर पार्टी ने पुनः भरोसा जताया, हालांकि उनको हार का सामना करना पड़ा। यहां सपा-बसपा गठबंधन प्रत्याशी ने जीत दर्ज की थी। हरिनारायण सीयर विधानसभा वर्तमान में बेल्थरारोड सीट से वर्ष 1991-1992 व 1996-2002 तक विधायक रहे। वर्ष 1997-2002 तक यूपी सरकार में कारागार, लघु सिंचाई और ग्रामीण विकास राज्यमंत्री भी रहे।