वलीदपुर। पूर्व कैबिनेट मंत्री फौजदार प्रसाद का मंगलवार की सुबह 7:30 बजे मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के हाफिज पुर गांव स्थित आवास पर निधन हो गया । वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे।
पूर्व मंत्री फौजदार प्रसाद 1989 में बहुजन समाज पार्टी से पहली बार विधायक चुने गए थे। इसके बाद 1991 में इन्होंने लोकसभा का चुनाव लड़ा लेकिन हार गए। वे 1993 में सपा बसपा गठबंधन के बाद चुनाव लड़े और जीत हासिल की। 2 जून 1995 में सरकार गिर गई और गठबंधन टूट गया । 3 जून 1995 को बीजेपी के साथ बनी गठबंधन की सरकार में ये खाद्य उद्यान एवं प्रसंस्करण विभाग के स्वतंत्र प्रभार मंत्री बनाए गए। 1996 में ये बसपा छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए और चुनाव लड़े लेकिन हार गए। इनके निधन पर क्षेत्र में में शोक छा गया। उनके निधन की सूचना पर क्षेत्र के विभिन्न राजनीतिक दलों के लोगों ने उनके घर हाफिजपुर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दिया। उनका अंतिम संस्कार धरहरा घाट पर किया गया। इस मौके पर डॉक्टर धर्म सिंह गौतम, लालचंद प्रधान, लछिराम मैनेजर, त्रिभुवन प्रसाद, ओम प्रकाश, अमरनाथ चौहान, हासीम पसमादा, रामसेवक, कमलेश कुमार मौजूद रहे ।