रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर स्थित फुट ओवरब्रिज।
- फोटो : MAU
मऊ। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक से दो और तीन को जोड़ने वाला पुराना फुट ओवरब्रिज तोड़ कर नया पुल बनाया जाएगा। दरअसल विद्युतीकरण के बाद परेशानी पैदा कर रहा। इसे तोड़ने के लिए सीनियर सेक्शन इंजीनियर ने स्टेशन अधीक्षक सहित मऊ जंक्शन के अन्य विभागों के अधिकारियों को पत्र भेजा है। जिस पर स्थानीय अधिकारियों ने इसे तोड़ने की तैयारिया शुरू कर दी हैं। संभावना जताई जा रही है कि नया पुल जंक्शन के बाहरी छोर से प्लेटफार्म 4 के दूसरे छोर तक बनेगा। दरअसल भटनी से औड़ीहार तक हो रहे विद्युतीकरण के दौरान पुराना पुल के समय ऊचाई कम होने के चलते पुल बाधक बन रहा है। सूत्रों की माने तो अगर पुल को बिना तोड़े विद्युतीकरण कार्य किया जाए तो भविष्य में किसी घटना से इंकार नहीं किया जा सकता है। इस समस्या को लेकर 16 फरवरी को गोरखपुर के निर्माण पुल के अधिशासी अभियंता तथा अन्य अधिकारियों ने निरीक्षण किया। 19 फरवरी को स्टेशन अधीक्षक सहित जंक्शन के अलग अलग विभागों के प्रभारियों को पत्र भेजा गया। जिसमें केबल वायर, कोच चार्जिंग लाइन, कोच डिस्पले बोर्ड, सीसीटीवी कैमरा सहित दूसरे उपकरण को हटाने की बात कही गई है। उधर पत्र मिलते ही स्थानीय स्तर पर पुल को तोड़ने को लेकर तैयारियां भी शुरू की जा चुकी है, इसके तहत बृहस्पतिवार को पुल पर लगे चार सीसीटीवी कैमरे को हटाकर दूसरे स्थान पर इंस्ट्राल किया गया तो वहीं टेलीफोन तारों को हटाया गया।