मऊ शहर के पांच युवकों को एक एजेंट ने टूरिस्ट वीजा पर मलेशिया में दलालों को बेच दिया। इन दलालों ने उन्हें दुकानों में बंधक बनाकर रखा था। दलालों ने इनके पासपोर्ट छीन लिए थे। युवकों ने सपा के नेता राजीव राय से गुहार लगाई तो उन्होंने बंधक बनाए गए इन युवकों को दलालों के शिकंजे से छुड़वाया और उन्हें उच्चायोग के पास एक होटल में ठहराया। पांचों युवक गुरुवार देर शाम हवाई जहाज से नई दिल्ली पहुंच गए।
राजीव राय ने बताया कि मलेशिया के कानून के अनुसार जुर्माना और बंधक बनाने वालों को रुपये देकर और अपने एक मित्र के माध्यम से पांचों युवकों को छुड़ाकर उच्चायोग बुलवाया। इसके बाद एक होटल में ठहराकर अन्य प्रकिया पूरी करवाईं। इसमें लगभग दो हफ्ते का समय लग गया।
वतन वापसी के लिए हवाई जहाज के टिकट का किराया जमा किया। तब जाकर पांचों युवक मलयेशिया के कुलालंपुर से भारत आने वाली फ्लाइट से नई दिल्ली के अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतर गए। इनकी कोरोना संबंधी जांच की जा रही थी। इन युवकों ने वीडियो भेजकर बताया कि वतन वापसी के लिए राजीव राय ने पूरी मदद की। युवकों के घर वालों ने राय को धन्यवाद दिया।
राजीव राय ने बताया कि मलेशिया में टूरिस्ट वीजा पर फंसे इन युवकों ने मुझसे संपर्क करके वतन वापसी के लिए मदद मांगी। मैने इंसानियत के नाते इनकी मदद की। बताया कि इनके अलावा प्रतापगढ़ जिले के दीपक नामक युवक को भी उन्होंने मुक्त कराकर उच्चायोग में भिजवाया है। उसे भी देश बुलाने की प्रकिया में वह लगे हैं। बताया कि मऊ के जिस एजेंट ने मलेशिया भेजा था उसके खिलाफ कार्रवाई के लिए एसपी को पत्र दिया है।
यह हैं मुक्त कराए गए शहर के युवक
- अरशद अली, न्याज मुहम्मपुरा मुहल्ला
- मुहम्म्द तैयब, शाही कटरा
- अमजद खान, बड़ी कम्हरिया अलीनगर
- अमजद खान, बड़ी कम्हरिया देवपरवा,
- अताउल्लाह, मुंशीपुरा नई बस्ती