मऊ/घोसी। सराफा व्यवसायी से लूट के मामले में पांच टीमों ने मंगलवार की रात से बुधवार की शाम तक 16 जगहों पर दबिश दी। इस दौरान छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। डीआईजी सुनील कुमार सिंह ने बुधवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया। गठित टीमों को प्रभावी कार्रवाई कर बदमाशों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया। इस मामले में कोपागंज थाना की पुलिस ने मंगलवार की रात चार अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।
कोपागंज थाना क्षेत्र के टड़ियांव खाद गोदाम के पास मंगलवार की शाम कोपागंज थाना क्षेत्र के जितेंद्र वर्मा अपने दोस्त के साथ पिढ़वल मोड़ स्थित सराफा दुकान बंद करके बाइक से घर जा रहे थे। उनके पास 170 ग्राम सोना और पांच किलो चांदी के आभूषण थे। टड़ियांव खाद गोदाम के फोरलेन पर पहुंचे थे कि पीछे से आए दो बाइकों पर सवार चार नकापपोश बदमाशों ने तमंचा दिखाकर दोनों को रोका और 20 हजार रुपये और आभूषण लूटकर भाग गए। इस मामले में एसपी ने मंगलवार की रात ही कोपागंज, घोसी और दोहरीघाट थाना, एसओजी और सर्विलांस की पांच टीमें गठित की। जांच टीमों ने रात से दोपहर तक लगभग 16 जगहों पर दबिश दी। गठित टीम दुकान के आसपास और रास्ते भर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और लूट के तरीके की जांच की जा रही है। डीआईजी सुनील कुमार सिंह ने 40 मिनट तक घोसी कोतवाली में गठित टीम, एसपी इलामारन जी, एएसपी अनूप कुमार के साथ बैठक कर लूटकांड की जानकारी ली। एएसपी अनूप कुमार ने बताया कि गठित टीमें लगातार संभावित जगहों पर दबिश दे रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
लूट से सराफा व्यापारियों में नाराजगी
मधुबन। टड़ियांव में सराफा व्यापारी से लूट की घटना के बाद व्यापारियों में आक्रोश है। मधुबन नगर पंचायत व्यापार मंडल अध्यक्ष बबलू ठठेरा की अध्यक्षता में व्यापारियों ने बुधवार को बैठक की। बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग की। बबलू ठठेरा ने कहा कि जितेंद्र वर्मा और बैजनाथ वर्मा प्रत्योक मंगलवार और शनिवार को दुकान से आभूषण लेकर घर जाते थे। लूट से ये साबित होता है कि बदमाश काफी दिनों से साजिश रच रहे थे। मुहम्मदाबाद गोहना, सरवां चट्टी सहित कई जगहों पर हुई सराफा दुकान में घटनाओं से व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। सभासद रिंकू मद्धेशिया, शिवप्रसाद गुप्त, संजय कुमार, पारस, सचिन, सुरेंद्र, कपूर चंद, महाप्रसाद गुप्ता आदि व्यापारी मौजूद रहे।
सीओ ने व्यापारियों के साथ की बैठक
घोसी। कोतवाली के परिसर में बुधवार को सीओ जितेंद्र सिंह ने क्षेत्र के सराफा व्यापारियों संग बैठक की। लूट की घटना का पर्दाफाश करने में सहयोग करने की अपील की। जितेंद्र सिंह और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमेंद्र सिंह कहा कि आप सभी सुरक्षा का इंतजाम करने के साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस हमेशा आपके साथ है। शहरी इलाके में सभी व्यवसायियों ने दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए हैं। ग्रामीण क्षेत्र में भी अनिवार्य रूप से कैमरे लगवाएं। साथ ही कैमरों की गुणवत्ता अच्छी हो और उनका नियमित रूप से संचालन और रिकॉर्डिंग सुनिश्चित की जाए ताकि किसी भी आपराधिक घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे समय रहते कार्रवाई संभव हो सके। इस दौरान आनंद जायसवाल, आनंद बरनवाल उर्फ अंशु, कृष्णा मद्धेशिया, अनिरुद्ध वर्मा, शिव सेवक वर्मा, सुरेश मद्धेशिया आदि लोग मौजूद रहे।
10 साल पहले गोली मारकर सराफा कारोबारी से हुई थी लूट
मऊ। घोसी कोतवाली क्षेत्र के दरगाह मोड़ पर 17 जुलाई 2015 को अमिला निवासी सराफा व्यवसायी अनुराग वर्मा को दुकान से घर जाते समय बदमाशों ने गोली मारकर लगभग चार लाख से अधिक के जेवरात आदि लूट लिए थे। इस मामले में पुलिस ने 22 जून को मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों को शरण देने वाले बलिया के एक प्रधान को भी बंदी बनाया था। पुलिस ने लूट की दो सोने की चेन, एक अंगूठी, दो तमंचे और कारतूस बरामद किए थे।