राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में सराहनीय कार्य के लिए जिले के पांच शिक्षकों को लखनऊ में सम्मानित किया गया। 29 अक्तूबर को लखनऊ के रानी
लक्ष्मीबाई इंटर कॉलेज में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि संयुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक शिक्षा भगवती शरण सिंह, उप शिक्षा निदेशक माध्यमिक शिक्षा विजय नौटियाल, उप शिक्षा निदेशक अजय कुमार सिंह ने मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर शिक्षकों को सम्मानित किया। इन शिक्षकों के सहयोग से इनके विद्यालय के पांच या अधिक बच्चों का चयन राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में हुआ है। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर इन शिक्षकों ने जिले का मान बढ़ाया है। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा के नोडल व जूनियर हाईस्कूल मधुबन के अध्यापक राजबहादुर सिंह, रानीपुर ब्लाक उच्च प्राथमिक विद्यालय दौलसेपुर में तैनात नोडल शिक्षक अनिल कुमार मौर्य, घोसी ब्लाक के खत्रीपार में तैनात अजीत कुमार और माऊरबोझ से वरुण यादव, कोपागंज ब्लाक के कुर्थीजाफरपुर में तैनात जयशंकर यादव सम्मानित किए गए। बीएसए संतोष कुमार उपाध्याय ने शिक्षकों को बधाई दी।