सदर तहसील के अंतर्गत इंदारा गांव में ग्राम पंचायत की पोखरी पर राजस्व अभिलेखों में हेराफेरी करके अपने नाम दर्ज कराकर उस पर कब्जा करने के आरोपी पांच लोगों के विरुद्ध धोखाधड़ी की धाराओं के तहत पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। इन पांचों आरोपियों को भू माफिया घोषित किया गया है। आरोपियों में एक परिवार के दो सगे भाई तथा दूसरे परिवार के तीन सगे भाई बताए जाते हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार इंदारा ग्राम पंचायत के पश्चिम पट्टी पुरवे के पास ग्राम पंचायत की पोखरी है। आरोप है कि चकबंदी के दौरान इस पोखरी पर कागजातों में हेराफेरी करके दो परिवारों ने अपने नाम दर्ज करा लिया। शिकायत पर कराई गई जांच में ये तथ्य उजागर हुए। लेखपाल देवेंद्र कुमार की तहरीर पर पुलिस ने इंदारा गांव निवासी वीरेंद्र सिंह , धीरेंद्र सिंह और स्व. भूपेंद्र सिंह तीनों बेटों संजीव सिंह संजीत सिंह आदि के विरुद्ध पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया। इस बाबत एसओ अजय तिवारी का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।