मुहम्मदाबाद गोहना। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष से कुख्यात बदमाश के नाम पर रंगदारी मांगने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित ने इस संबंध में कोतवाली में तहरीर देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। हालांकि इस बाबत क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना कुमार नरेश ने बताया कि रंगदारी मांगे जाने का मामला उनके संज्ञान में नहीं है, जानकारी लेकर जांच और उचित कार्रवाई की जाएगी।
मुहम्मदाबाद गोहना नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष लालजी वर्मा ने बताया कि बीते 19 अक्तूबर को उनके मोबाइल पर किसी ने फोन कर खुद को कुंटू सिंह बताया। पांच लाख की रंगदारी की मांग की। साथ ही रकम न देने पर नतीजा भुगतने की धमकी दी गई। पूर्व अध्यक्ष का कहना है कि उन्होंने बदमाश की पूरी बात को मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया है।
इस बाबत उसने लिखित शिकायत पुलिस से कर सुरक्षा की मांग की है। हालांकि इस बाबत क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना कुमार नरेश ने बताया कि इस बाबत उन्हें कोई शिकायत नहीं मिली है। अगर ऐसा है तो जांच पड़ताल कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
बताते चलें कि मुहम्मदाबाद गोहना कस्बा के करहा रोड पर स्थित दवा की दुकान संचालक से आजमगढ़ के कुख्यात बदमाश के नाम पर तीन लाख की रंगदारी की मांग की गई थी। दवा व्यापारी ने घटना से पुलिस को अवगत कराते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई थी। अभी पुलिस इस मामले को लेकर जांच में जुटी है। ऐसे में एक सप्ताह के भीतर दूसरी घटना सामने आई है। रंगदारी मांगने की घटना से मुहम्मदाबाद गोहना कस्बा के व्यापारियों में दहशत है।