मऊ/कोपागंज। कोपागंज पुलिस ने अदरी के पास स्थित एक कॉलेज के पीछे से पांच ठगों को गिरफ्तार किया। उनके पास से पीली धातु से बनी महात्मा बुद्ध की मूर्ती, डेढ़ लाख नकदी, मोबाइल और बाइक बरामद की। पूछताछ में बताया कि पीली धातु से बनी महात्मा बुद्ध की मूर्ति को सोने की बताकर पांच लाख रुपये में बेचने वाले थे। इसके लिए उन्होंने डेढ़ लाख रुपये अग्रिम धनराशि ली थी। पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय ने बताया कि कोपागंज पुलिस को ठगों की मौजूदगी की सूचना मिली। इसपर पुलिस ने मो. अली इंदर कालेज अदरी के पीछे से पांच संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक महात्मा बुद्ध की प्रतिमा (पीली धातु से बनी) और डेढ़ लाख की नकदी, चार बाइक और छह मोबाइल बरामद किया गया।
पकड़े आरोपी राकेशानंद सिंह, बैजनाथ वर्मा, राजनाथ सोनकर, राम विजय यादव, सुभाषचन्द ने पूछताछ में बताया कि एक मेले से मूर्ति खरीदी थी। जिसे सोने का बताकर एक ग्राहक को बेचने के लिए तैयार कर लिया था। पांच लाख रुपये कीमत तय की गई थी। सौदे के तहत पेशगी के तौर पर पहले तीन लाख रुपये तथा मूर्ति मिलने के बाद बचे दो लाख रुपये देने की बात तय हुई थी।
बताया कि बरामद रकम पेशगी की आधी रकम है। उनके इस काम में उसका एक साथी देवेन्द्र सिंह निवासी हकारीपुरा थाना मधुबन भी शामिल है। पकड़े गए राजनाथ सोनकर के विरुद्ध पूर्व में कई थानों पर विभिन्न धाराओं में पांच मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सभी का चालान कर दिया।