कोपागंज मऊ। थाना क्षेत्र के इंदारा बाजार में चोरों ने बीयर शॉप के अलावा किराना की दुकान में सेंधमारी की। पहले बीयर की दुकान के काउंटर में रखे पांच हजार रुपये और बीयर की क्रेट चुरा लिए। इसके बाद बगल की किराना दुकान में घुसे। वहां पर बैठ कर चोरों ने पहले काजू का पैकेट खोल कर काजू खाया उसके बाद बीयर पी। दुकान के गल्ले में रखे ढाई हजार रुपये और चंद खुले सिक्कों के साथ चार किलो काजू और तीन किलो बादाम चुरा ले गए।
घटना 17 जनवरी की रात की है। पीड़ितों की तहरीर पर शनिवार की रात अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस चोरी के मामले की जांच कर रही है। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के दर्पनारायणपुर गांव निवासी सुरेंद्र नाथ यादव की इंदारा बाजार में बीयर की दुकान है। 17 जनवरी की रात दुकान के पीछे का दरवाजा तोड़कर चोर अंदर घुसे। बीयर की दुकान के काउंटर में रखे पांच हजार रुपये और बीयर की क्रेट चुरा ले गए। चोरों की पहचान न हो सके इसके लिए उन्होंने जाते-जाते दुकान में लगा सीसी कैमरा और डीवीआर तोड़ दिया। बीयर की दुकान के ठीक बगल में राजेंद्र गुप्ता के किराना की दुकान के ऊपर टीनशेड काटकर दुकान में घुसे और गल्ले में रखा 2500 रुपये के साथ एक एक किलो के बादाम के तीन पैकेट और काजू के चार पैकेट चुरा ले गए। इनकी कीमत लगभग छह हजार रुपये है।