नगर के शहर कोतवाली के सामने लगा हाईडेंट।संवाद
- फोटो : MAU
मऊ। जिले में आग बुझाने की व्यवस्थाएं आधी अधूरी हैं। जबक गर्मी में दमकल विभाग की परेशानी भी इसे लेकर बढ़ गई है। जिले की तीन तहसीलों में जहां फायर स्टेशन का निर्माण अधूरा पड़ा हैं वहीं नगर के 12 जगहों पर लगे हाईड्रेंट में अधिकांश खराब हैं। जिन्हें अभी तक दुरुस्त नहीं कराया जा सका है।
ऐसे में यदि शहर में आग लगने की बड़ी घटना हुई तो दमकल को आग बुझाने के लिए मशक्कत करनी पड़ सकती है। सब कुछ जानते हुए भी जिम्मेदार हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं। जिले मेें अगलगी की घटनाएं बढ़ने से जहां आम लोगों की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही है। वहीं संबंधित विभाग के अधिकारी गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। दशकों पूर्व जलनिगम की तरफ से दमकल को पानी मुहैया कराने के लिए शहर में अलग लाइन बिछाकर कोतवाली, गाजीपुर तिराहा, आजमगढ़ मोड़, माता पोखरा, मिर्जाहादीपुरा सहित 12 स्थानों पर हाईड्रेंट प्वाइंट बनाए गए थे। बीच-बीच में सड़क के चौड़ीकरण तथा ऊंचा करने के दौरान इय दब गए। इस ओर न तो जल निगम ने ध्यान दिया और न ही दमकल विभाग के अफसरों ने इनकी सुधि ली। जो हाईड्रेंट प्वाइंट बचे हैं वे भी जर्जर हाल में हैं। हालांकि नगरपालिका प्रशासन की तरफ से अलग से लाइन बिछाकर हाईड्रेंट प्वाइंट नहीं बनाया जा सका है। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों की मानें तो नगर में लगे 12 हाईड्रेंट प्वाइंट बेकार पड़े हैं। अगलगी की घटना होने पर अन्य जलस्रोतों से पानी लिया जा रहा है। विकट परिस्थिति में पानी की समस्या उत्पन्न हो जाती है। नगरपालिका प्रशासन की तरफ से गाजीपुर तिराहा कपलिंग, स्वदेशी काटन मिल, शाही कटरा, माता पोखरा के नलकूप से वैकल्पिक व्यवस्था करने का दावा किया जा रहा है। अग्निशमन विभाग की तरफ से आग से बचाव के संसाधन के नाम पर पांच फायर वाहन तथा प्रत्येक तहसील में एक-एक फायर वाहन की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही मुहम्मदाबादगोहना, मधुबन, घोसी तहसील में करोड़ों की लागत से बन रहा फायर स्टेशन का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। कब तक प्रोजेक्ट पूरा हो जाएगा आला अधिकारी बताने को तैयार नहीं हैं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुभाष कुमार ने बताया कि मऊ नगर में लगे 12 हाईड्रेंट प्वाइंट बेकार पड़े हैं। इसकी व्यवस्था नगरपालिका प्रशासन को ही करना है। नगर में पांच फायर वाहन सहित तहसील मुख्यालय पर एक-एक फायर वाहन भेज दिया गया है। मुहम्मदाबादगोहना, घोसी, मधुबन तहसील मेें फायर स्टेशन का निर्माण कार्य चल रहा है।