Fire in moving car, narrowly escaped
- फोटो : MAU
रतनपुरा। स्थानीय कस्बे के पश्चिमी शहीद चौक पर सोमवार को सुबह चलती जाइलो एसयूवी कार में अचानक आग लग गई। इसके चलते वहां अफरा-तफरी मच गई। जनपद कोपागंज थाना क्षेत्र के बारा गांव निवासी सर्वेश मौर्य अपनी जाइलो एसयूवी कार से अपने परिवार के साथ घर से बलिया जनपद के रसड़ा बाजार जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार रतनपुरा बाजार की पश्चिमी शहीद चौक पर पहुंची उससे आग की लपटें उठने लगीं। वहां ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड विनय कुमार सिंह ने कार से आग की लपटें उठते देख चालक को कार को रोकने का इशारा किया। चालक ने कार रोका तब तक आग तेज हो गई, कार रुकते ही सभी सवार आनन फानन कार से बाहर निकले। यह घटना देख वहां बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। लोगों ने पानी फेंक कर कार की आग को बुझाया। लगभग 10 मिनट बाद आग बुझ सकी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि 100 मीटर पहले से ही कार से धुआं उठता दिखाई दे रहा था परंतु चालक ध्यान नहीं दे पा रहा था। चौक आते-आते यह धुआं आग के रूप में परिवर्तित हो गया वाहन में चालक सहित चार महिलाएं एवं दो पुरुष सवार थे। इस अफरा तफरी में दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। संवाद