कलेक्ट्रेट सभागार में शार्ट शर्किट से लगी आग,उठती आग की लपटें।
- फोटो : MAU
मऊ। शार्ट सर्किट से कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार की दोपहर उस समय आग लग गई, जब अधिकारी समाधान दिवस में और कर्मचारी अपने अपने कार्यो में मशगूल थे। आगलगी कि घटना में गोल मेज छोड़ पूरा सभागार जलकर राख हो गया। आग की सूचना मिलने के बाद कलेक्ट्रेट के अधिकारी और कर्मचारियों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। हालांकि सभागार में आग लगने की सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग के कर्मचारी मय टैंकर मौके पर पहुंचे, मशक्कत के बाद कर्मचारियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। इस बीच वहां काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। दूसरी तरफ घटना ने कलेक्ट्रेट परिसर में लगाए गए फायर एक्जुविंशन की पोल खोल दिया। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट के सभागार को काफी आकर्षकरूप से बनाया गया था। वातानुकूलित इस सभागार में लकड़ी के बीटो को लगाकर नक्काशी की गई थी। साथ ही बेहतर कुर्सियां और गर्मी का एहसास न हो इसके लिए सभागार में छह एसी लगाई गई थी। इस तरह से इस सभागार में एक साथ करीब 200 लोगों के बैठने की व्यवस्था थी। इतना ही नहीं सभागार में तीन अटेंडेट भी तैनात है, जिनका कार्य उसकी साफ सफाई करना और बैठक के दौरान लोगों को चाय आदि सर्व करना है। मंगलवार को समाधान दिवस होने के कारण लगभग सभी अधिकारी तहसीलों पर चले गए। इस दौरान कर्मचारी अपने अपने पटलों पर काम करने में मशगूल थे। तो मौका मिला तो अटेंडेट तफरी में निकल गए। इसका परिणाम रहा कि दोपहर के समय अचानक शार्ट सर्किट के बाद सभागार में आग लग गया। इस दौरान सभागार में लगाई गई एसी, टीवी, रिवाल्वरिंग चेयर के साथ वीआईपी चेयर सहित लकड़ी की बीटो से की गई नक्काशी के साथ अन्य सभी सामान जलकर राख हो गया। धुंआ निकलने पर लोगों को आग लगने की इस घटना की जानकारी हुई। इसके बाद कलेक्ट्रेट में हड़कंप मच गया। बताते चले जिस सभागार में आग लगी, उसके ठीक उपर इलेक्ट्रिक रुप में है, इसमें सैकड़ों बैट्रियां लगाई गई है। लेकिन कही भी फायर एजिविंशन की व्यवस्था नहीं थी। इसका परिणाम रहा कि आग की लपटों के आगे किसी की हिममत आगे बढ़ने की नहीं हुई।
सूचना मिलने पर एडीएम केहरि सिंह ,सिटी मजिस्ट्रेट जेएन सचान सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान अग्निशमन दल को घटना की सूचना दी गई। मौके पर टैंकर के साथ पहुंचे फायर कर्मचारियों ने बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बात करने पर एडीएम केहरि सिंह ने बताया कि शार्ट सर्किट से आग लगी है। नुकसान के बाबत पूछे जाने पर बोले कि अभी कुछ सही सही बताना मुश्किल है, वैसे छह एसी ही दो लाख से अधिक की होगी। फायर यंत्र के बाबत पूछे जाने पर एडीएम ने कहाकि घटना के समय मौके पर कोई नहीं था। ऐसे में यह जांच का विषय है।
सिर्फ कोषागार के पास है आग से बचाव की व्यवस्था
मऊ। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आग लगने की घटना चेतने के लिए काफी है, क्योंकि घटना के बाद पड़ताल करने पर पाया गया कि पूरे कलेक्ट्रेट में सिर्फ कोषागार के पास कुछ बाल्टी बालू भरी रखी है। अन्यथा पूरे कलेक्ट्रेट में कही भी अग्निशमन यंत्र नहीं लगाया गया है।