सपा कार्यकर्ता प्रभात कुमार राम की तहरीर पर सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) में शहर कोतवाली पुलिस ने एक नामजद समेत चार सोशल मीडिया अकाउंट के विरुद्ध शुक्रवार की शाम प्राथमिकी दर्ज की है।
आरोप है कि हलधरपुर थाना के गोनईपुर गांव निवासी अनिल कुमार यादव अपने लोगों के साथ मिलकर सोशल मीडिया पर घोसी से सपा सांसद राजीव राय को लेकर अभद्र टिप्पणी और दुष्प्रचार किया।
इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने इन सोशल मीडिया अकाउंट पर सांसद को लेकर किसी तरह का पोस्ट करने पर रोक लगाने का आदेश दी है। इसी मामले में सुप्रीम कोर्ट में मानहानि का मुकदमा विचाराधीन है।
प्राथमिकी के अनुसार, अनिल कुमार यादव ने षडयंत्र करके अपने लोगों के साथ मिलकर कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी आईडी के माध्यम से सुनियोजित दुष्प्रचार की सूचना दी गई थी।
आईडी (गांव समाज, समाजवादी लोगों की आवाज, अमरजीत यादव, अरविंद कुमार यादव) बनाकर सांसद राजीव राय पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। उनका चरित्र हनन किया जा रहा है।
बीते 9 जनवरी को इस मामले में कोतवाली में तहरीर दी गई थी, लेकिन इनके विरुद्ध पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं की गई थी। ये आए दिन अभद्र भाषा का प्रयोग कर टिप्पणी कर रहे हैं। इससे पार्टी के कार्यकर्ताओं में आक्रोश और निराशा है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। नामजद सभी सोशल मीडिया अकाउंट की जांच कराई जा रही है। आरोपी जल्द ही पकड़े जाएंगे।