कैबिनेट मंत्री का बैनर फाड़ने और भाजपा का झंडा पैर से कुचलने के आरोप में पुलिस ने बृहस्पतिवार को सपा के मयंक पांडेय, सोनू राय उर्फ सोनू पंडित तथा 25 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।
भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री राघवेंद्र प्रताप सिंह की तहरीर पर मऊ कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की है। प्राथमिकी के अनुसार, दिल्ली में नीट को लेकर चल रहे धरना-प्रदर्शन के समर्थन में सपा कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला था।
वे बाल निकेतन स्थित सपा कैंप कार्यालय से पैदल कलेक्ट्रेट ज्ञापन देने जा रहे थे। आरोप है कि गाजीपुर तिराहे पर जुलूस पहुंचने के दौरान नारेबाजी करते हुए सपा लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष मयंक पांडेय ने कैबिनेट मंत्री एके शर्मा का बैनर फाड़ दिया।
वहीं, कोपागंज थाना क्षेत्र के शहरोज गांव निवासी सोनू राय उर्फ सोनू पंडित सहित अन्य कार्यकर्ताओं पर भाजपा का झंडा पैर से कुचलने का आरोप है।
पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नाराज भाजपा कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। राघवेंद्र प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि इस संबंध में मयंक पांडेय से बात करने पर उन्होंने अभद्रता की और देख लेने की धमकी दी।
इसके बाद उन्होंने मयंक पांडेय, सोनू राय उर्फ सोनू पंडित तथा 25 अज्ञात सपा कार्यकर्ताओं के विरुद्ध तहरीर दी। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
वायरल वीडियो के आधार पर सभी की पहचान की जा रही है। 25 अज्ञात आरोपियों में से छह की पहचान कर ली गई है। सभी का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है तथा उनकी गतिविधियों पर पुलिस की नजर है। कार्रवाई पूरी कर जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।