सूरजपुर गांव निवासी आकाश सिंह की तहरीर पर फर्जी पासपोर्ट से विदेश यात्रा करने और हवाला के जरिए पैसा देश में भेजने के मामले में पुलिस ने रविवार की शाम राधेश्याम यादव और रामनयन यादव के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।
प्राथमिकी के अनुसार मधुबन थाना के इब्राहिमाबाद निवासी राधेश्याम यादव और रामनयन यादव ने कूटरचित फर्जी नाम और पते से कई पासपोर्ट बनवाए हैं। राधेश्याम ने श्याम यादव पुत्र रामबचन यादव निवासी देवरिया भुजौली के नाम से पासपोर्ट बनवाया है।
उस पर जन्मतिथि 07 सितंबर 1990 दर्ज है। उसके भाई रामनयन यादव ने फर्जी नाम श्रीराम यादव पुत्र रामबचन निवासी गोरखपुर रजौली, पोस्ट शुक्लपुरी के नाम से 30 नवंबर 2022 को पासपोर्ट बनवाया है।
इस पर जन्मतिथि 18 मई 1973 दर्ज है, जबकि उसकी वास्तविक जन्मतिथि भी दूसरी बताई गई है। आरोप है कि दोनों ने कूटरचित तरीके से कई फर्जी पासपोर्ट बनवाए हैं। दोनों कई बार इन्हीं फर्जी पासपोर्टों से विदेश यात्रा कर चुके हैं।
आरोप लगाया गया है कि दोनों थाईलैंड में बिना वैध वर्क परमिट के अवैध रूप से रहते हैं और हवाला के जरिए गैरकानूनी तरीके से पैसा भेजते हैं, जो देश की सुरक्षा के लिए खतरा है।
थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार गुप्ता ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। दोषी पाए जाने पर दोनों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।